बहन से प्रेम विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, भाई की चाकू से हत्या-एसीपी उपासना पांडेय की तत्परता से कम समय में खुलासा

– आरोपी सन्नी यादव गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू और साक्ष्य बरामद

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में बहन से संबंध को लेकर हुए विवाद में शनिवार की शाम एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। घटना में पीड़ित नीतिन उर्फ पीयूष को प्रेम संबंध के विवाद के चलते चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। जिसकी उपचार के दौरान संतोष अस्पताल में मौत हो गई। लेकिन एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय की सक्रियता और तत्परता के चलते पुलिस ने कम समय में ही हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे पुराना बस अड्डा चौकी के सामने लालमन लस्सी के पास नीतिन और सन्नी यादव के बीच कहासुनी हुई। झगड़े के दौरान सन्नी ने पीयूष पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीयूष को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसीपी उपासना पांडेय ने रविवार को बताया कि मामले में तुरंत टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। उन्होंने कहा कि हमने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्यों को तुरंत इक_ा किया। कम समय में जांच कर आरोपी सन्नी यादव को पकड़ लिया गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की तत्परता से ही यह मामला जल्द सुलझाया गया। सन्नी यादव ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका प्रेम संबंध पीयूष की बहन रिया से था। इस बात को लेकर पीयूष और उसके परिवार वाले लगातार विरोध कर रहे थे, जिससे पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। शनिवार को इसी विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया।

एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि सिहानी गेट थाना पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई और सक्रिय निगरानी के चलते आरोपी को पकड़ना संभव हुआ। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा और सभी कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। पुलिस ने घटना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और चप्पल बरामद किए। यह कार्रवाई एसीपी उपासना पांडेय की तत्परता और सक्रियता का परिणाम है, जिससे इलाके में अपराधियों के प्रति सख्त संदेश गया।