• आबकारी विभाग की टीम ने रंगे हाथ दंबोचे दो तस्कर, जनपद को सुरक्षित और शराब मुक्त बनाने के लिए चलाया विशेष अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए एक सख्त अभियान चलाया है। विभाग की टीमें दिन के साथ-साथ रात में भी लगातार छापेमारी और निगरानी कर रही हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक जिले से अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अब तक कई तस्करों और दुकानदारों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और दबिश दे रही हैं। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियां हो रही हों, तो वे विभाग को तुरंत सूचना दें, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। शनिवार की रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और थाना इकोटेक-3 की संयुक्त टीम ने सी.एन.जी. पंप के पास स्थित नर्सरी के पास अवैध शराब की बिक्री की शिकायत मिलने पर तत्काल दबिश दी।
इस कार्रवाई में दो तस्कर पीयूष पुत्र सुभाष और रंजीत पुत्र राजेश्वर निवासी थाना डेरिन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 38 टेट्रा पौवे देशी शराब ट्विन टावर उत्तर प्रदेश मार्का बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के तहत दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्रवाई जनपद को शराब मुक्त बनाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग की टीमें न केवल अवैध शराब बेचने वालों पर नजर रख रही हैं, बल्कि लाइसेंसी दुकानों की भी निगरानी कर रही हैं ताकि वे निर्धारित समय और नियमों का पालन करें। किसी भी दुकान द्वारा निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री करने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान पूरी तरह निगरानी और दबिश आधारित है। दिन के समय तो आमतौर पर तस्करों की पहचान कर कार्रवाई की जाती है, वहीं रात के समय भी टीमों ने किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए स्पेशल चेकिंग और गश्त का आयोजन किया है। इस अभियान में विभाग ने मुखबिर तंत्र और आम जनता की शिकायतों का भी भरपूर उपयोग किया है, जिससे तेजी से कार्रवाई की जा सके।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि जिले में अब तक दर्जनों तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर नजर रखें और किसी भी सूचना पर तुरंत विभाग को सूचित करें। उनका कहना है कि जनभागीदारी के बिना जिले से अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अब विभाग का ध्यान शराब बेचने वाली दुकानों, गली-मोहल्लों में अवैध बिक्री और रात में तस्करी करने वाले गिरोहों पर भी है। प्रत्येक टीम अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर रही है और आवश्यकतानुसार दबिश देती है। साथ ही विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि अवैध शराब के कारण उत्पन्न होने वाली आपराधिक गतिविधियों और सामाजिक समस्याओं को रोका जा सके। आबकारी विभाग ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि वे विभाग के साथ सहयोग करें, ताकि जिले से अवैध शराब पूरी तरह समाप्त हो और लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
















