महापौर का विकास संकल्प: शहर को मिली 7 करोड़ 21 लाख की सौगात, हर गली तक पहुँच रहा विकास

-मोहन नगर और कविनगर जोन में नारियल फोड़कर किया शिलान्यास
-विकास हमारी पहचान है, भेदभाव नहीं: सुनीता दयाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में विकास की नई गाथा रचते हुए महापौर सुनीता दयाल ने सोमवार को फिर गाजियाबाद की जनता को 7 करोड़ 21 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मोहन नगर जोन और कविनगर जोन में नारियल फोड़कर उन्होंने विभिन्न सड़कों और सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर पार्षदों, स्थानीय नागरिकों और नगर निगम अधिकारियों की उपस्थिति रही। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है और शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर के हर कोने में विकास की गूंज सुनाई दे रही है और यही गाजियाबाद की असली पहचान है।

आज शुरू किए गए कार्यों में वार्ड 52 कोट गाँव में चौधरी मोड़ से कोट गाँव फाटक तक मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य जिसकी लागत लगभग 82 लाख रुपये है, वार्ड 42 मानसरोवर पार्क कॉलोनी में क्रिसेंट चौक से हंसराज मार्केट तक सड़क निर्माण कार्य जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ 21 लाख रुपये है, वार्ड 10 मोहन नगर में वजीराबाद रोड से ताहिरपुर रोड तक सड़क के दोनों ओर कच्ची पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स व सौंदर्यीकरण का कार्य जिसकी लागत लगभग 67 लाख रुपये है, वार्ड 20 भोपुरा राजीव कॉलोनी में क्षतिग्रस्त सोम बाजार रोड का निर्माण कार्य जिसकी लागत लगभग 84 लाख रुपये है तथा वार्ड 82 जवाहर पार्क में बंगाली होटल से मंसूरी चौक तक मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ 67 लाख रुपये है, शामिल हैं। महापौर ने कहा कि ये सभी कार्य जनता को समर्पित हैं और इनसे शहर के आवागमन में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा गाजियाबाद में लगातार विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप शहर में चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा,  ‘जहाँ हिंदू हैं वहाँ भी विकास होगा और जहाँ मुस्लिम हैं वहाँ भी, क्योंकि सभी हमारे शहर के नागरिक हैं और उन्हें मूलभूत सुविधाएँ देना हमारी जिम्मेदारी है।

शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों और पार्षदों ने महापौर का फूलमालाओं से स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। महापौर ने अपने हाथों से प्रसाद वितरण कर सभी को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सरदार सिंह भाटी, पार्षद अभिषेक चौधरी, प्रमोद यादव, रेखा गोस्वामी, यशपाल पहलवान, किरण राघव, रवि भाटी, कालीचरण पहलवान, राजेश पहलवान, मुकेश भाटी, सोनू पंडित, के.के. शर्मा, दीप्ति अरोड़ा, मनोज खुराना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महापौर सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले समय में शहर के सभी जोनों में इसी प्रकार के विकास कार्य लगातार किए जाएंगे ताकि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सुगम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास ही उनकी असली ताकत है और वह इसी भावना के साथ शहर को एक नए मुकाम तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।