लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की करें जल्द गिरफ्तारी: केशव चौधरी

-टीला मोड़ और शालीमार गार्डन थाना में लंबित मामलों का निरीक्षण, विवेचकवार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
-महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई और शिकायतों के फीडबैक लेने के निर्देश
-गुंडा, गैंगस्टर, हत्या, डकैती, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी में विशेष कार्रवाई के आदेश  
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन सर्किल क्षेत्र के थाना टीला मोड़ और शालीमार गार्डन थानों में लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के लिए एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी ने बुधवार को थानाध्यक्षों और विवेचकों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों की समयबद्ध जांच, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता में रखी जाए ताकि अपराधियों को कानून के दायरे में शीघ्र लाया जा सके। एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी ने थाना टीला मोड़ और शालीमार गार्डन का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना, सीसीटीवी कक्ष तथा थाने की साफ-सफाई, कार्यालय और पत्रावलियों का जायजा लिया। उन्होंने रजिस्टरों की समीक्षा करते हुए कहा कि महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और थाना प्रभारी समय-समय पर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं में गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन किया जाए और नए आपराधिक कानून के अनुसार सभी साक्ष्यों को शामिल कर समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छह माह से अधिक लंबित मामलों की समीक्षा की और कहा कि वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, सम्मन और वारंट का अधिकतम उपयोग किया जाए। विशेष रूप से शातिर, अभ्यस्त और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए गैंगस्टर एक्ट और जिलाबदर की कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीट खोली जाए। सक्रिय गैंगों को रजिस्टर्ड किया जाए और इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। गंभीर अपराधों में लिप्त व्यक्तियों जैसे हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर कार्रवाई के साथ धारा 14(1) के अंतर्गत उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम प्रतिदिन राजस्व वाद, वरासत, भूमि पैमाइश और बंटवारे के मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करे। इसके लिए अभियान चलाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाना समाधान दिवस रजिस्टर, शिकायत प्रार्थना पत्र रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की प्रविष्टियों का निरीक्षण किया और कहा कि सभी अभिलेख अपडेटेड रखें। लंबित 10 वर्षों से संपत्ति संबंधी अपराध, डकैती, लूट, चेन स्नैचिंग, चोरी, नकबजनी और गोवध में संलिप्त अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा कर सक्रिय अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में पूर्ण अनुशासन बनाए रखें और अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और तत्परता से करें। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर महिला और गंभीर अपराधों में समय पर कार्रवाई और शिकायतों का फीडबैक लेना अनिवार्य है।
शालीमार गार्डन और टीला मोड़ थाना में किए गए निरीक्षण और दिशा-निर्देशों से यह स्पष्ट हुआ कि पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, महिला और गंभीर अपराधों में विशेष ध्यान और वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा बेहतर होगी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी के आदेशों के पालन में दोनों थानों के प्रभारी और सभी विवेचक तत्पर हैं और उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने का अभियान तेज गति से चलाया जाएगा, जिससे शांति और कानून व्यवस्था सुनिश्चित हो सके और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जा सके।