-कॉरिडोर निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, मंदिर विकास की रूपरेखा पर की विस्तृत चर्चा
-धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ा यह प्रोजेक्ट गाजियाबाद की पहचान बनेगा: संजीव शर्मा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में गुरुवार को श्रद्धा और प्रशासन का सुंदर संगम देखने को मिला। शहर विधायक संजीव शर्मा और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की और प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कॉरिडोर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मंदिर में अब तक कराए गए निर्माण कार्यों मुख्य द्वार, हॉल और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की और भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर श्रीमहंत से सुझाव भी प्राप्त किए। श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर उत्तर प्रदेश के प्रमुख सिद्धपीठों में से एक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देश पर मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। यह परियोजना न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि गाजियाबाद के सांस्कृतिक पर्यटन को भी नई पहचान देगी। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि श्री दूधेश्वरनाथ धाम को काशी और अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाए, जिससे लाखों श्रद्धालु यहां आकर दिव्य अनुभव प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने मंदिर परिसर के कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य समय पर और मानक के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूधेश्वरनाथ मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह गाजियाबाद की सांस्कृतिक पहचान है। यहां का विकास कार्य पारदर्शी, टिकाऊ और पारंपरिक सौंदर्य के अनुरूप होना चाहिए। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस कॉरिडोर के माध्यम से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिले और मंदिर परिसर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो, लेकिन इसकी आध्यात्मिक गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे। इस अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा के मीडिया सलाहकार पवन, श्री दूधेश्वर श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल, अजय चोपड़ा सहित कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की और इसे शहर के गौरव से जोडऩे की बात कही।
मंदिर के बाहर मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण पर भी चर्चा
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के साथ-साथ बाहर की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। विधायक और जिलाधिकारी ने मंदिर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुगमता को लेकर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से विचार-विमर्श किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था में सुधार के कदम जल्द उठाए जाएंगे।
धार्मिक श्रद्धा और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगा प्रोजेक्ट
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने विधायक और जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से मंदिर परिसर का विकास तेज गति से आगे बढ़ रहा है। यह कार्य धार्मिक श्रद्धा, जनभागीदारी और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बनेगा।
















