-मोहन नगर और सिटी जोन में नगर निगम अधिकारियों ने की व्यापक कार्रवाई, धूल मुक्त सड़कों के लिए चलाया विशेष अभियान
-नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने सुबह और रात दोनों समय अभियान चलाकर बढ़ाई निगरानी और सुधार कार्य
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में वायु गुणवत्ता सुधार और धूल नियंत्रण के लिए नगर निगम लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इस क्रम में गुरुवार को मोहन नगर और सिटी जोन में नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में महा अभियान चलाया गया, जिसमें सड़कों की सफाई और पानी से धुलाई कर उन्हें धूल मुक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रात: भ्रमण के दौरान अभियान में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह और जलकल विभाग से आश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी टीमों के साथ मिलकर नगर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को धूल-मुक्त करने के साथ-साथ पानी से धुलाई कर शहरवासियों के लिए स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सुनिश्चित किया।
अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने रोटरी गोल चक्कर, नागद्वार, एलिवेटेड रोड, मेरठ रोड, हापुड़ चुंगी और राजनगर एक्सटेंशन रेड लाइट से दुहाई तक के मार्गों पर विशेष कार्यवाही की। अभियान में केवल सड़क की धुलाई नहीं बल्कि पेड़-पौधों से धूल हटाना, आवश्यकतानुसार पेड़-पौधों की कटिंग और सड़क किनारे अवैध निर्माण सामग्री की सफाई भी शामिल रही। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार नगर निगम प्रात: और रात्रि दोनों समय सड़कों पर पानी छिड़काव और धूल नियंत्रण के अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित होकर न केवल कार्य की निगरानी की, बल्कि स्वयं सड़क की साइड पट्टियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में भाग लिया। नगर निगम द्वारा विशेष रूप से सी एंड डी वेस्ट से सड़कों को मुक्त किया गया और अवैध रूप से सड़क पर कंस्ट्रक्शन मैटेरियल बेचने वाले लोगों के खिलाफ चालान कार्रवाई की गई।
नगर निगम के सफाई मित्रों और आधुनिक उपकरणों के माध्यम से शहर की साफ-सफाई और वायु गुणवत्ता सुधार की दिशा में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान नगर के सभी पांच जोनों में लगातार इसी क्रम में चलाया जाएगा, ताकि शहर की सभी सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और धूल मुक्त बनाया जा सके। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस महा अभियान की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि सड़क धुलाई और सफाई के साथ-साथ पेड़-पौधों की देखभाल और अवैध निर्माण सामग्री हटाने से शहर में स्वच्छता के स्तर में सुधार हुआ है और वायु गुणवत्ता में भी सुधार दिखाई दे रहा है। इस अभियान के माध्यम से गाजियाबाद नगर निगम ने यह संदेश दिया है कि स्वच्छता और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहरवासियों के सहयोग से यह कार्य लगातार जारी रहेगा।

















