गाजियाबाद को मिलेगा नया स्वरूप: नगर निगम बनाएगा भव्य समृद्धि द्वार और आकर्षक चौराहा स्कल्पचर

-शहर के प्रमुख चौराहों और एंट्री प्वाइंट का सौंदर्यीकरण, 15 करोड़ की लागत से ऐतिहासिक और भव्य कलाकृतियाँ स्थापित की जाएँगी
-शहर की सुंदरता नगर निगम की प्राथमिकता, एलिवेटेड रोड पर भव्य समृद्धि द्वार और स्कल्पचर से गाजियाबाद होगा और भी आकर्षक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर को और अधिक आकर्षक, आधुनिक और सौंदर्यपूर्ण बनाने के लिए भव्य पहल शुरू कर दी है। इस क्रम में एलिवेटेड रोड पर 35 फीट लंबा और 72 फीट चौड़ा विशाल समृद्धि द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही शहर के चार प्रमुख चौराहों पर 20-20 फीट ऊँचे आकर्षक स्कल्पचर लगाए जाएंगे, जो शहर की पहचान को और मजबूत बनाएंगे। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सौंदर्यीकरण कार्य में पूरी तत्परता दिखाएँ और जनता के लिए इसे शीघ्रता से पूरा करें। महापौर के नेतृत्व में नगर निगम ने शहर के पांच प्रमुख चौराहों और दो एंट्री प्वाइंट का चयन कर कार्य की रूपरेखा तैयार कर ली है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन प्रमुख चौराहों पर कलाकृतियों का कार्य अगले सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। तिगरी गोल चक्कर पर  ‘स्तंभ ऑफ इंडस्ट्रीज एंड इनोवेशन ‘, डायमंड फ्लाईओवर चौराहे पर  ‘टेक्टोनिक ब्लूम ‘, आनंद विहार एंट्री प्वाइंट पर  ‘अन्नदाता शिखर’ और राजनगर एक्सटेंशन स्थित रोटरी गोल चक्कर पर  ‘कोड ऑफ प्रोग्रेस’ नामक अद्भुत स्कल्पचर स्थापित किए जाएंगे।

प्रत्येक स्कल्पचर लगभग 20 फीट ऊँचा होगा, जो देखने वालों को आकर्षित करेगा और शहर की शान बढ़ाएगा। नगर निगम ने एलिवेटेड रोड पर 35 फीट लंबा और 72 फीट चौड़ा समृद्धि द्वार बनाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा यूपी गेट एंट्री प्वाइंट पर 55 फीट लंबा और 228 फीट चौड़ा सूर्य प्रकाश द्वार स्थापित किया जाएगा। दोनों ही द्वार अत्यंत आकर्षक और मनमोहक होंगे, जिन्हें अद्भुत कलाकृति और प्रकाशीय सज्जा के साथ तैयार किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाना है बल्कि इसे प्रदेश में एक विशिष्ट पहचान देना भी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि पहला चरण चार प्रमुख चौराहों और दो प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर कार्य करेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और नवंबर के अंतिम सप्ताह से कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से चार प्रमुख चौराहों और दो एंट्री गेट को भव्यता प्रदान की जाएगी। यह परियोजना न केवल शहर की वास्तुकला को उन्नत करेगी बल्कि इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्व प्रदान करेगी। विशाल और अद्भुत स्कल्पचर गाजियाबाद की धरोहर के रूप में स्थायी रूप से स्थापित किए जाएंगे।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर को आकर्षक और सुंदर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का भी कर्तव्य है कि वे इसे बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि नगर निगम के अधिकारी और स्टाफ शहर की स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सौंदर्यीकरण कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ जुटे हैं। नगर निगम का यह कदम शहर को पर्यटन और वाणिज्यिक दृष्टि से भी उन्नत बनाने का काम करेगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना के बाद शहर में अन्य प्रमुख चौराहों और एंट्री प्वाइंट पर भी भव्य स्कल्पचर और द्वारों का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य न केवल शहर को आकर्षक बनाना है बल्कि आने वाले वर्षों में गाजियाबाद को एक सुसज्जित और विकसित महानगर के रूप में प्रस्तुत करना है।

नगर निगम अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रत्येक स्कल्पचर और द्वार के निर्माण में नवीनतम तकनीक, प्रकाश और कलात्मक डिजाइन का इस्तेमाल किया जाएगा। यह शहर की सौंदर्यवृद्धि के साथ-साथ नागरिकों और आगंतुकों के अनुभव को भी समृद्ध करेगा। महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण और विकास नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए अनिवार्य है। इस अभियान के साथ गाजियाबाद में प्रशासन की कार्यक्षमता, जिम्मेदारी और शहर की सुंदरता के प्रति गंभीर दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

सुनीता दयाल
महापौर
नगर निगम गाजियाबाद।

शहर को सुंदर और आकर्षक बनाना हमारी जिम्मेदारी है। नगर निगम के निर्देश पर हमने प्रमुख चौराहों और एंट्री प्वाइंट पर भव्य स्कल्पचर और समृद्धि द्वार बनाने की योजना बनाई है। यह न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाएगा, बल्कि गाजियाबाद की पहचान को और मजबूती देगा। आगामी नवंबर के अंतिम सप्ताह से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा और प्रत्येक चौराहा एवं एंट्री गेट अद्भुत कलाकृतियों से सजाया जाएगा।
सुनीता दयाल
महापौर

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। पहले चरण में चार प्रमुख चौराहा और दो प्रमुख एंट्री गेट का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है और नवंबर के अंतिम सप्ताह में कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। लगभग 15 करोड़ की लागत से भव्य और अद्भुत स्कल्पचर गाजियाबाद की धरोहर के रूप में स्थापित किए जाएंगे। हमारी टीम पूरी तत्परता के साथ योजना के अनुसार कार्य करेगी।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त