यमुना अथॉरिटी ने आगरा मास्टर प्लान एसपीए को भेजा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यमुना अथॉरिटी) ने आगरा के मास्टर प्लान को अंतिम रूप दिए जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अथॉरिटी ने प्रस्तावित मास्टर प्लान को दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) को वेटिंग के लिए भेज दिया है। योजना के अनुसार, एसपीए इस दस्तावेज़ का तकनीकी मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुझाव और सुधार एक महीने के भीतर उपलब्ध कराएगा।

अथॉरिटी के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि मास्टर प्लान पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके प्रारूप को उच्चस्तरीय संस्था से वेट कराया जा रहा है ताकि भविष्य की ज़रूरतों और शहरी विकास के मानकों के अनुरूप इसे तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि एसपीए का तकनीकी परीक्षण इस योजना में मजबूती और पारदर्शिता लाएगा। मास्टर प्लान को वैज्ञानिक आधार, शहरी संरचना, ट्रैफिक प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है।

ओएसडी के अनुसार, जैसे ही एसपीए से मूल्यांकन रिपोर्ट प्राप्त होगी, अथॉरिटी उसकी सिफारिशों को शामिल करते हुए मास्टर प्लान को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर देगी। इसके बाद इसे संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ साझा किया जाएगा। मास्टर प्लान के अंतिम रूप लेने से आगरा क्षेत्र में आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक और अवसंरचनात्मक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यमुना अथॉरिटी का कहना है कि इस योजना से न केवल शहर के विकास को गति मिलेगी, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। भविष्य में बेहतर परिवहन नेटवर्क, आधुनिक सुविधाओं और संतुलित शहरी वृद्धि को सुनिश्चित करना इस मास्टर प्लान का मुख्य उद्देश्य है। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि एसपीए की रिपोर्ट मिलने के बाद इस दिशा में ठोस प्रगति तेज़ी से दिखाई देगी।

क्या-क्या है मास्टर प्लान में

श्रेणी क्षेत्रफल (हेक्टेयर में)

आवासीय 2501

व्यावसायिक 340.09

व्यावसायिक टूरिज्म 142.45

औद्योगिक 1812.8

मिक्स लैंड 447

संस्थागत 244.13

सर्विस 86

मनोरंजन 322.48

पीएसपी टूरिज्म 172

ग्रीन 485.72

ग्रीन रिवर बफर 823.7

कृषि 127.43

वन 307

लाजिस्टिक 180

सड़क व इंफ्रास्ट्रक्चर 1139.02