कौशांबी में निकला भव्य नगर कीर्तन, हरे रामा-हरे कृष्णा के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र

-सेंट्रल पार्क से शुरू हुआ विशाल शोभायात्रा का पर्व, जयपुरिया मंदिर में महाआरती के साथ हुआ दिव्य समापन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण वातावरण के बीच कौशांबी क्षेत्र में हरे रामा हरे कृष्णा मंडल द्वारा विशाल नगर कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित यह शोभायात्रा सुबह सेंट्रल पार्क से प्रारंभ हुई, जो राम चौक होते हुए जयपुरिया स्थित मंदिर में जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जगह-जगह फूल वर्षा कर कीर्तन का स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में महिलाओं और युवाओं की अत्यधिक उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पप्पू चौपाल के नेतृत्व में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेश-भूषा में नृत्य-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। महिलाएँ पूरे उत्साह के साथ भजन गाती, ढोल-झांझ बजाती और भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के जयकारे लगाती आगे बढ़ती रहीं। श्रद्धा और उमंग का अद्भुत संगम पूरे क्षेत्र में एक विशेष ऊर्जा का संचार कर रहा था। इस अवसर पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नगर कीर्तन में भाग ले रहे श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोडऩे का कार्य करते हैं और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनते हैं। नगर कीर्तन में क्षेत्र के अनेक प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, गणमान्य जन और प्रतिष्ठित नागरिक भी शामिल हुए। इनमें राकेश जकेतिया, मनीष जैन, गौरव वर्मा, विनय महेश्वरी, पवन गुप्ता, राज शर्मा, नरेंद्र, कमल गुप्ता, एस.आर. सिंह, मुदित, मनीष मरोडिया, कमल ओबेरॉय, अवधेश कटिहार, अजय गुप्ता, गौरव वर्मा, एडवोकेट निकिता गुप्ता, ऋतु जैन, मंजू कपूर, रेनू मल्होत्रा, पूनम तिवारी, गोविंद, सुनीता, उमा मेहरा, नीरू वर्मा, कीर्ति चोपड़ा, एम.एल. खुराना, सरोज खुराना, सुमन चौधरी, निर्मला शास्त्री और मंजू बारोनिया शामिल रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और भक्तों ने भी शोभायात्रा में अपनी उपस्थिति से आयोजन को सफल बनाया। पूरी शोभायात्रा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की झांकियों, पुष्प सज्जा, कीर्तन मण्डली के मधुर भजन, शंखध्वनि और ढोल-नगाड़ों की गूंज से अलौकिक दिखाई दे रही थी।

सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु इस आध्यात्मिक झांकी के दर्शन कर अपने को धन्य महसूस कर रहे थे। कई स्थानों पर बच्चों ने रंगोली बनाकर और बुजुर्गों ने आरती कर कीर्तन का स्वागत किया। जयपुरिया स्थित मंदिर पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया गया, जहाँ सभी भक्तों ने मिलकर भक्ति भाव से आरती उतारी। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया और भक्तों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले समय में भी ऐसे भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता रहे।