-के. डी. बी. पब्लिक स्कूल में सातवें अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज़
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के. डी. बी. पब्लिक स्कूल के विशाल प्रांगण में गुरुवार को सातवाँ निर्मल ज्योति बजाज अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ प्रारंभ हुआ। यह त्रिदिवसीय प्रतियोगिता 18 से 20 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष स्वर्गीय श्रीमती निर्मल ज्योति बजाज की स्मृति में बड़े हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए तैयार करना है। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता में गाजियाबाद जनपद के 20 नामचीन विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय फुटबॉल जगत की जानी-मानी हस्ती, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त रेफरी तथा एशियाई फुटबॉल परिसंघ के एलीट पैनल के सदस्य रिजवान-उल-हक उपस्थित रहे।
वह भारत के पहले ऐसे रेफरी हैं जिन्होंने अनेक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाकर देश का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अर्नव बजाज ने मुख्य अतिथि को शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि रिजवान-उल-हक ने अपने प्रेरणादायी शब्दों से खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता का विकास करता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में स्वागत गीत के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस में खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। उद्घाटन मैच में एमिटी अंतरराष्ट्रीय विद्यालय, सेक्टर-6 और परिवर्तन विद्यालय, गाजियाबाद के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें एमिटी अंतरराष्ट्रीय विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-शून्य से विजय प्राप्त की। दूसरे मुकाबले में एलेन हाउस पब्लिक स्कूल ने वनस्थली पब्लिक स्कूल को एक-शून्य से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। तीसरे मुकाबले में एस्टर विद्यालय, नोएडा ने छबीलदास पब्लिक स्कूल, गाजियाबाद को चार-शून्य से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला के. डी. बी. पब्लिक स्कूल और आधारशिला ग्लोबल स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें के. डी. बी. पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पाँच-शून्य से जीत हासिल कर दर्शकों का भरपूर उत्साह प्राप्त किया। पाँचवें मुकाबले में एलेन हाउस स्कूल ने बाल भारती स्कूल को पाँच-एक से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन परिवार के युवा प्रतिनिधि अर्नव बजाज, प्रधानाचार्या निवेदिता राणा तथा उप प्रधानाचार्या नम्रता दुबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रधानाचार्या ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सच्चे चैंपियन कभी हार नहीं मानते। खेल में हार और जीत केवल परिणाम होते हैं, असली महत्व प्रयास, संघर्ष और सीख का होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, पूरी निष्ठा से खेलने और निरंतर नए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। निर्मल ज्योति बजाज फुटबॉल टूर्नामेंट का यह भव्य आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास कर रहा है। आगामी दिनों में होने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाडिय़ों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।


















