-मरियम नगर में क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के बच्चों के साथ मनाया गया प्रेम, करुणा और संवेदना का पर्व
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। क्रिसमस पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार को गाजियाबाद पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला, जब थाना नंदग्राम क्षेत्र के मरियम नगर स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ पुलिस अधिकारियों ने मिलकर क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की संरक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी एक संवेदनशील संस्था भी है। गुरुवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी एवं एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने स्वयं उपस्थित होकर दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। दोनों अधिकारियों ने बच्चों को कैरम बोर्ड, चॉकलेट, टॉफी एवं अन्य उपहार वितरित किए और उनके साथ क्रिसमस की खुशियां साझा कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान दिखाई दी, वह पूरे माहौल को भावुक और आनंदमय बना गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी अपने अंदाज में क्रिसमस का स्वागत किया।
बच्चों की मासूम हंसी, उल्लास और उत्साह ने यह साबित कर दिया कि स्नेह और अपनापन किसी भी उत्सव को यादगार बना सकता है। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। यह क्षण बच्चों के साथ-साथ वहां मौजूद सभी लोगों के लिए भावनात्मक रूप से बेहद खास रहा। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने इस अवसर पर कहा कि समाज के हर वर्ग के साथ जुडऩा पुलिस की जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अपनत्व को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष धरोहर हैं और उनके साथ समय बिताना आत्मिक संतोष देने वाला अनुभव है। एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, सेवा और करुणा का संदेश देता है और इस पर्व को बच्चों के साथ मनाकर वही संदेश साकार किया गया है।
इस मानवीय पहल में थाना प्रभारी नंदग्राम उमेश कुमार, डीवीएफ नंदग्राम कोऑर्डिनेटर अंकित गुप्ता तथा डीवीएफ नंदग्राम की पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही। सभी पुलिसकर्मियों ने बच्चों के साथ मिलकर पर्व का आनंद लिया और यह भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा समाज के कमजोर और विशेष वर्गों के साथ खड़ी है। इस आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि गाजियाबाद पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रही है। क्रिसमस के इस पावन अवसर पर पुलिस और बच्चों के बीच बना यह भावनात्मक रिश्ता लंबे समय तक यादगार रहेगा और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएगा।

















