-अटल जी के विचारों को आत्मसात करने का लिया गया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय राजनीति के महान स्तंभ अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में गरिमामय और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुनीता दयाल ने की। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, पार्षद एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम परिसर पूरी तरह से अटल जी के विचारों और उनके राष्ट्रनिर्माण के योगदान की स्मृतियों से सराबोर नजर आया। महापौर सुनीता दयाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पार्षदों को अटल जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि वे भारतीय लोकतंत्र की आत्मा थे, जिनकी सोच और नीति आज भी देश को दिशा दे रही है। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि सत्ता में रहते हुए भी मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
आज की पीढ़ी के लिए अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाओं से युक्त ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी नगर निगम सभागार में देखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल उन महान विभूतियों की विचारधारा का प्रतीक है, जिन्होंने भारत को आत्मसम्मान, एकता, अखंडता और सेवा का मार्ग दिखाया। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान सभागार में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ध्यानपूर्वक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। महापौर सुनीता दयाल ने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए लोकार्पण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह स्थल आने वाली पीढिय़ों को राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से देश की युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के विचारों से जुडऩे का अवसर मिलता है। महापौर ने कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नगर निगम परिवार अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलते हुए शहर के विकास और नागरिकों की सेवा के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी की सोच ‘सबका साथ, सबका विकास’ आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके कार्यकाल में थी। कार्यक्रम में पार्षद वीरेंद्र त्यागी, पार्षद नीरज गोयल, पार्षद अमित त्यागी, पार्षद अजीत निगम, पार्षद हिमांशु शर्मा, पार्षद नितिन कुमार, पार्षद सुभाष चौधरी, पार्षद प्रीति जैन, पार्षद प्रमोद राघव, पार्षद धीरज अग्रवाल, पार्षद प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि अटल जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ।
















