-जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में विभागों को दिए प्राथमिकता कार्यों के निर्देश, प्रमुख जाम स्थलों और सड़क सुधार पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु तुरंत पहल की जाए और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएँ। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की गड्ढा मुक्त सड़कें, सड़क की नियमित सफाई, डिवाइडरों और नालों की मरम्मत, ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण, फुटपाथों की मरम्मत, जलभराव की समस्या का समाधान, पेड़-पौधों की कटाई और छंटाई, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण और विद्युत विभाग से संबंधित लटके व बेकार तारों को दुरुस्त करना प्राथमिकता का कार्य होना चाहिए।
जीडीए द्वारा हापुड़ रोड तिराहा, हापुड़ रोड, मधुबन-बापूधाम जंक्शन, गोविंदपुरम जंक्शन, हिंडन चौराहा राजनगर, सेठ मुकुंदलाल चौराहा, नवयुग मार्केट, शास्त्रीनगर चौराहा, अजनारा चौराहा राजनगर एक्सटेंशन और रिवर हाइट्स चौराहा राजनगर एक्सटेंशन जैसे प्रमुख स्थलों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा नगर निगम एवं नगर पालिकाओं द्वारा भी प्रमुख स्थलों की पहचान की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि जाम मुक्त यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग द्वारा लालकुआं, चौधरी मोड़, नया बस अड्डा, शिप्रा मॉल से एनएच-9 रोड इंदिरापुरम, भारत पेट्रोल पंप इंदिरापुरम, शुक्र बाजार चौक, भोपुरा यू-टर्न, लोनी तिराहा, डासना अंडरपास वेवसिटी, दुहाई गांव कट मुरादनगर, घूकना मोड़, फॉर्च्यून कट राजनगर, अजनारा कट राजनगर और रिवर हाइट्स गोल चक्कर राजनगर एक्सटेंशन सहित 14 स्थलों को चिन्हित किया है।
इन सभी स्थलों पर सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर और फुटओवर ब्रिज निर्माण, कट बंद करने और रोड इंजीनियरिंग में आवश्यक परिवर्तन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों-एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, जीडीए, नगर निगम, यातायात विभाग और सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि चिन्हित प्रत्येक स्थल पर आपसी समन्वय स्थापित करें और कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। किसी भी स्तर पर यदि जिलाधिकारी की आवश्यकता होगी तो तुरंत सूचित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद को जाममुक्त और शहर को सुंदर बनाने का लक्ष्य सभी का साझा होना चाहिए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्य और तत्परता दिखाने पर विशेष जोर दिया।
















