गाजियाबाद में व्यापारियों के अधिकारों की बुलंद आवाज: प्रांतीय कार्य समिति की अहम बैठक संपन्न

-व्यापारी हितों से कोई समझौता नहीं, उत्पीड़न के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ेगा व्यापार मंडल: बनवारी लाल कंछल
-स्वास्थ्य बीमा, स्मार्ट मीटर, जीएसटी उत्पीड़न और टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ कई प्रस्ताव, मुख्यमंत्री व मंत्रियों को ज्ञापन भेजने का निर्णय

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित मिलन बैंकट हॉल में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रांतीय कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने की, जबकि संचालन का दायित्व प्रांतीय महामंत्री अशोक चावला ने निभाया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ईश वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत व्यापारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। समिति ने निर्णय लिया कि जीएसटी पंजीकृत सभी व्यापारियों को सरकारी कर्मचारियों की भांति स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाए तथा दुकान में आग लगने जैसी दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये का बीमा सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में मुख्यमंत्री जी को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक में व्यापारियों के आवास एवं दुकानों पर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध करते हुए ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन सौंपने का निर्णय भी लिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सर्वे, छापों एवं जीएसटी विभाग की एसआईबी द्वारा व्यापारियों के उत्पीड़न पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसके विरुद्ध ज्ञापन देने का फैसला किया गया।  विलंब से रिटर्न जमा करने पर व्यापारियों से वसूले जा रहे 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर सरकारी बैंकों की ब्याज दर के अनुरूप 6 प्रतिशत किए जाने की मांग पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त जिन घरों एवं दुकानों में पानी का कनेक्शन नहीं है, उनसे नगर निगम द्वारा जलकर न वसूले जाने के लिए नियम बनवाने का निर्णय लिया गया। समिति ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए निर्णय लिया कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को दी जा रही 10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा राशि को बढ़ाकर 25 लाख रुपये किया जाए, जिसके लिए प्रदेश के सभी जिलों से ज्ञापन भेजे जाएंगे।

अंग्रेजों के समय से लागू सराय एक्ट को बैंकट हॉल एवं फार्म हाउस पर लागू न किए जाने को लेकर भी माननीय मंत्री श्री जयवीर सिंह जी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। हाउस टैक्स में वृद्धि तथा नगर निगम की दुकानों पर अत्यधिक किराया बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करते हुए संबंधित मंत्री से भेंट कर ज्ञापन देने का निर्णय हुआ। जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों के मामलों को एकतरफा कर अपील के लिए बाध्य किए जाने पर भी सदन ने तीव्र आपत्ति जताई और मांग की कि मामलों की सुनवाई सेक्टर स्तर पर ही की जाए। दवा व्यापारियों एवं खाद्य पदार्थों के व्यापार से जुड़े लोगों की समस्याओं पर निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही आयुक्त श्रीमती रोशन जैकब जी से मुलाकात कर वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में कौशांबी से प्रदेश महामंत्री रमेश अग्रहरि, सचिन कंछल सहित प्रदेश के 46 जनपदों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर महानगर अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान, वरिष्ठ जिला महामंत्री पंकज गर्ग, जिला महामंत्री राजदेव त्यागी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता और व्यापारियों के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।