गाजियाबाद में खेलों को मिलेगी नई उड़ान, विकास भवन में जिला खेल विकास समिति की अहम बैठक

 -खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं और आयोजन के मजबूत मंच उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है: अभिनव गोपाल
-सीडीओ की अध्यक्षता में लिए गए कई बड़े फैसले, स्टेडियम सुविधाओं के विस्तार और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन पर जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में शुक्रवार को जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ करने, खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा समिति की आय के साधनों को बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिम स्थित स्विमिंग पूल के पंजीकरण शुल्क तथा आबकारी विभाग द्वारा जारी शराब लाइसेंस से प्राप्त धनराशि को समिति के खाते में जमा कराए जाने के निर्देश क्रीड़ा अधिकारी को दिए गए। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि समिति के माध्यम से प्रत्येक माह जूनियर एवं सब-जूनियर बालक-बालिकाओं की खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाएगा। स्टेडियम परिसर में लगी हाई मास्क लाइटों की मरम्मत नगर निगम गाजियाबाद से कराए जाने के निर्देश दिए गए, जबकि दो नई हाई मास्क लाइट सांसद निधि के माध्यम से लगवाने के लिए क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक पहल करने को कहा गया।

स्थानीय प्रशिक्षण शिविरों के सुचारु संचालन के लिए एथलेटिक्स, क्रिकेट, नेटबॉल, फुटबॉल एवं बॉक्सिंग से संबंधित खेल उपकरण उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि प्रत्येक वर्ष दिसंबर माह में दिव्यांग बालक-बालिका खिलाडिय़ों की विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद में प्रचलित खेलों जैसे जूडो और कुश्ती के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की गई। स्टेडियम परिसर में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा निर्मित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल के उपयोग को लेकर दिशा-निर्देश तय किए गए। हाल का आरक्षण शुल्क प्रति दो घंटे के लिए दो हजार रुपये निर्धारित किया गया, जिसे भविष्य में मांग बढऩे पर पुन: निर्धारित किए जाने की संभावना जताई गई।

बैडमिंटन के शौकिया खिलाडिय़ों के लिए प्रति खिलाड़ी प्रतिमाह 500 रुपये शुल्क समिति में जमा कराने का निर्णय भी लिया गया। खेल मैदान की बेहतर सिंचाई व्यवस्था के लिए 300 मीटर पाइप की स्वीकृति दी गई। साथ ही जनपद की तीनों तहसीलों में शीघ्र ही खेल विकास समितियों के गठन के निर्देश जिला युवा कल्याण अधिकारी को दिए गए। बैठक में स्टेडियम की पेट्रोल चालित घास काटने की मशीन के लिए पेट्रोल व्यवस्था, प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु दो सेट साउंड एवं माइक सिस्टम की स्वीकृति तथा स्विमिंग पूल के लिए एक महिला एवं एक पुरुष प्रशिक्षक की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।

इसके अतिरिक्त अध्यक्ष द्वारा सांसद निधि के माध्यम से स्टेडियम में दो फ्लड लाइट लगवाने, कार्यालय के लिए कंप्यूटर सेट प्रिंटर सहित ऑपरेटर की व्यवस्था, बैडमिंटन हॉल में जूता रैक एवं लॉकर तथा पूरे स्टेडियम परिसर में ढक्कनयुक्त कूड़ेदान लगाने के निर्देश क्रीड़ा अधिकारी को दिए गए। बैठक में सांसद प्रतिनिधि पप्पू पहलवान, जिला वनाधिकारी ईशा तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य स्पष्ट रूप से गाजियाबाद को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और खिलाडिय़ों को बेहतर मंच व संसाधन उपलब्ध कराना रहा।