-गोष्ठी में सेवानिवृत्त अधिकारी अपने अनुभव साझा कर सुधार हेतु सुझाव दें
-चिकित्सा बिल भुगतान और पेंशन योजनाओं पर सरकार का आश्वासन, एक्टिव ऐजिंग पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारियों को सक्रिय रहने और पुलिस विभाग में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। यह बातें शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित ऑफिसर्स लाउंज में प्रदेश के समाज कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने कही। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं है, बल्कि यह अनुभव साझा करने और समाज की सुरक्षा में योगदान देने का नया अवसर है। इस अवसर पर राज्यमंत्री असीम अरुण ने पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव चौधरी, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील, रिटायर्ड डिप्टी एसपी किशन सिंह तालान, डिप्टी एसपी सोमवीर सिंह, धर्मेंद्र सिरोही, ब्रहमपाल बालियान, सेवकराम सहित 100 से अधिक सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त अधिकारियों की समस्याओं को सुनना, उनके अनुभवों से लाभ उठाना और सुझावों के आधार पर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार करना था। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी उठाया और चिकित्सा बिलों के शीघ्र भुगतान की मांग की। इस दौरान अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े अनुभव भी साझा किए गए, जिससे पुलिस विभाग नई रणनीतियां तैयार कर सके। राज्यमंत्री असीम अरूण ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनके आश्रित परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार पुलिस परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
असीम अरूण ने एक्टिव ऐजिंग पर जोर देते हुए सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्रोत्साहित किया कि वे सामुदायिक पुलिसिंग में सहयोग करें और अपराध रोकथाम की रणनीतियों पर सलाह दें। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी पुलिस विभाग के अभिन्न अंग हैं और उनके सुझाव विभाग की कार्यक्षमता और मजबूती को और बढ़ाएंगे। पुलिस विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित किया बल्कि उनके योगदान को भी सराहा। इस गोष्ठी ने विभाग की एकता, कल्याण और सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभवों के महत्व को उजागर किया।















