-जीडीए प्रवर्तन टीम ने 300 वर्गमीटर जमीन पर कब्जा करने वालों पर किया सख्त एक्शन
-उपाध्यक्ष के आदेश पर कार्रवाई, जमीन पर अब जीडीए का बोर्ड लगाया गया, भविष्य में अवैध कब्जों पर सख्ती
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने महरौली क्षेत्र में लगभग 9 करोड़ रुपये मूल्य की 300 वर्गमीटर जमीन को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देशों के अनुरूप की गई, जिनका उद्देश्य प्राधिकरण की जमीनों पर अवैध कब्जे और नर्सरी संचालित करने जैसी गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना है। महरौली में जीडीए के मास्टर प्लान में शामिल इस जमीन पर कुछ व्यक्तियों ने अनधिकृत रूप से कब्जा कर नर्सरी संचालित कर रखी थी। इस पर शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी योगेश पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता मनोज कुमार सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार, जीडीए तहसीलदार विवेक मिश्रा, भू-अर्जन टीम, जीडीए पुलिस बल और वेव सिटी थाना पुलिस शामिल रही।
कार्यवाही के दौरान बुलडोजर का प्रयोग कर जमीन पर कब्जा करने वाले अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान अवैध कब्जाधारियों को मौके पर नियंत्रित किया गया और किसी तरह की अवांछित घटना को टाला गया। सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने बताया कि कब्जा मुक्त कराई गई जमीन ग्राम महरौली परगना डासना के खसरा संख्या-738 व 738 मिलजुमला पर स्थित थी और इस जमीन की वर्तमान बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर जीडीए ने अपना बोर्ड भी स्थापित कर दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि पर रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
प्रवर्तन टीम ने स्पष्ट किया कि जीडीए की जमीनों पर अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे किसी भी मामले में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि जीडीए अपनी जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए किसी भी तरह की शिथिलता नहीं बरतेगा। सभी अवैध कब्जाधारी समझ लें कि नियम और कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की जमीनों पर अवैध निर्माण और कब्जे पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी।
















