विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर निर्णायक कदम है यह बजट : मनोज गोयल

-आम बजट 2026-27 से समावेशी विकास को नई गति

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आम बजट 2026-27 को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी पहल बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर निगम गाजियाबाद के पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, सुशासन और राष्ट्रीय आत्मविश्वास का सशक्त दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि अमृत काल में प्रस्तुत यह बजट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की उस निरंतर विकास यात्रा को आगे बढ़ाता है, जो पिछले एक दशक से देश को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है। मनोज गोयल ने कहा कि एनडीए सहयोगियों को विश्वास में लेकर प्रस्तुत किया गया यह आम बजट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जनोन्मुखी सोच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सियासी दूरदर्शिता और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की आर्थिक शिल्पकारिता का स्पष्ट प्रतिबिंब है। इस बजट से बीते बारह वर्षों से जारी चतुर्दिक विकास को और अधिक बल मिलेगा तथा वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति और मजबूत होगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत अब अमेरिका और चीन जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं से प्रतिस्पर्धा करने की स्थिति में है और आने वाले दशक में उन्हें पीछे छोडऩे की क्षमता भी रखता है। मनोज गोयल ने कहा कि आम बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की नीतिगत निरंतरता, सुशासन और निर्णायक नेतृत्व को रेखांकित करता है। यह बजट भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अगला ठोस और साहसिक कदम है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लिए गए निर्णय देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे और विकास की रफ्तार को बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा करती है और उसी विश्वास के आधार पर प्रस्तुत यह बजट जनकल्याण को केंद्र में रखता है। यह एक ऐसा युवा बजट है, जिसमें समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे  ‘सबका साथ, सबका विकासÓ की भावना को जनविश्वास प्राप्त होता है और सरकार को नई मजबूती मिलती है।

मनोज गोयल के अनुसार बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं, कामगारों, उद्यमियों और वरिष्ठ नागरिकों के निजी और सार्वजनिक हितों को संतुलित रूप से संबोधित किया गया है। यह बजट लघु और मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करता है, देश की उत्पादन क्षमता को बढ़ाता है और पशुपालन व मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में कार्यरत लोगों के उज्ज्वल भविष्य को मजबूत बनाता है। साथ ही, नए रोजगार के अवसर और कौशल विकास को बढ़ावा देकर आर्थिक गतिविधियों को गति देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करता है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारत की जरूरतों और लक्ष्यों को हासिल करने की मजबूत नींव भी रखता है। इसलिए इसे विकसित भारत 2047 के स्वर्णिम भविष्य के लिए तैयार किया गया एक दूरदर्शी युवा बजट कहा जा सकता है।

मनोज गोयल ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने एक स्वर में स्पष्ट किया है कि यह आम बजट देश और जनता की आकांक्षाओं को पंख लगाने वाला है। इससे गरीब, युवा और बेरोजगार वर्ग को आगे बढऩे के ठोस अवसर मिलेंगे। बजट का मूल उद्देश्य विकास और प्रगति है, क्योंकि इसके प्रावधान आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट को लेकर देश में सकारात्मक माहौल है और जनता इसे विकासोन्मुख बजट के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के भाजपा और राजग शासनकाल में भारत रणनीतिक, कूटनीतिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बना है। ऐसे में अगले दस वर्षों और विकसित भारत 2047 तक भारत की अंतरराष्ट्रीय हैसियत और अधिक मजबूत होगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। यह बजट उसी मजबूत और आत्मविश्वासी भारत की झलक प्रस्तुत करता है।