-वाहन चोरी कर चार से पांच हजार में बेचते थे बदमाश
-अवैध कटान कर मिटाई जाती थी पहचान, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिहानी गेट और थाना मधुबन बापूधाम की संयुक्त टीम ने मोरटा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कबाड़ केंद्र पर छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सात चोरी की स्कूटी और एक चोरी की नंबर प्लेट बरामद की गई है। पुलिस ने अवैध रूप से वाहनों का कटान करने वाले केंद्र को सीज कर दिया है तथा उसका लाइसेंस निरस्त कराने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा है।
थाना मधुबन बापूधाम में एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद की मौजूदगी में वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहन जांच के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर मोहिनुद्दीनपुर मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र, दुहाई स्थित ’07 स्टार ऑटो स्क्रैपिंग इंडिया प्रा. लि.Ó पर छापेमारी की गई। मौके से तीन चोरी की स्कूटी और एक नंबर प्लेट बरामद हुई।
पूछताछ के बाद 16 मंजिला इमारत के पास से चार अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद की गईं। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में स्क्रैप केंद्र संचालक नवाब मलिक (मूल निवासी किशोरी गांव, मेरठ) और रियाजुद्दीन सहित नरेश कुमार, सुनील, नदीम, कृष्णा, सगीर और फजलू उर्फ फजल मोहम्मद शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि नरेश और सुनील शहर के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। गिरोह के अन्य सदस्य इन वाहनों को कुछ दिन छिपाकर रखते और फिर मोरटा स्थित कबाड़ केंद्र पर चार से पांच हजार रुपये में बेच देते थे। कबाड़ केंद्र संचालक चोरी के वाहनों का अवैध कटान कर उनकी पहचान मिटा देता था, ताकि पुलिस को सुराग न मिल सके।
बरामद स्कूटी विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं, जिनमें इंदिरापुरम, मुरादनगर, कौशांबी और सिहानी गेट क्षेत्र शामिल हैं। कुछ वाहनों के संबंध में जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने चोरी के वाहन इस केंद्र पर काटे जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















