सेक्टर-1 में सूखे कचरे का अलग संग्रहण शुरू, पार्षद कुसुम मनोज गोयल की पहल

– लाजवाब स्टोर के सामने लगाया गया विशेष सूखा कूड़ा बॉक्स
– प्लास्टिक, कागज व पैकेजिंग सामग्री की होगी पुनर्चक्रण प्रक्रिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने समाजसेवी तृप्ता ढींगरा के सहयोग से गुरुवार को सेक्टर-1 प्लॉट एरिया स्थित लाजवाब स्टोर के सामने सूखे कचरे के लिए विशेष बॉक्स स्थापित कराया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के प्रति जागरूक करना है। इस बॉक्स में गली के निवासी प्लास्टिक, कागज, पैकेजिंग बॉक्स एवं अन्य सूखा कचरा डाल सकेंगे। एकत्रित कचरे का पुनर्चक्रण इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल संगठन द्वारा किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डालने की आदत अपनाएं, तो शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में बड़ी सफलता मिल सकती है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटियार, पुष्पा भूपेंद्र, सोनम रस्तोगी, गीता अग्रवाल, रचित ढींगरा, जतिन, सुषमा गुर्जर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।