उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने संभाला कार्यभार, उद्योग जगत ने किया स्वागत

– जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र में पदभार ग्रहण
– उद्योगपतियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दी शुभकामनाएं
– औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की जताई उम्मीद

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र (डीआईसी) गाजियाबाद में गुरुवार को उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उद्योग जगत की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। समरकूल ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रसिद्ध उद्योगपति संजीव कुमार गुप्ता तथा एआईएमओ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने संयुक्त रुप पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस मौके पर संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (उद्योग मंच) के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उद्यमियों की समस्याओं और हितों की रक्षा करना उनका दायित्व है।

उन्होंने कहा कि जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह संस्थान सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ-साथ उद्योगों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आशुतोष सिंह के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र को नई दिशा और गति मिलेगी। एआईएमओ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने भी उपायुक्त उद्योग को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन से गाजियाबाद के औद्योगिक विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।

उन्होंने आशा जताई कि उद्योग और प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ेगा तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने नव नियुक्त उपायुक्त उद्योग के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रशासन और उद्योगों के सहयोग से गाजियाबाद का औद्योगिक परिदृश्य और अधिक सशक्त होगा।