महाशिवरात्रि से पूर्व अलर्ट मोड में नगर निगम, दूधेश्वरनाथ मठ पहुंच नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां

-24 घंटे अलर्ट रहेगा निगम अमला, रोशनी-पेयजल-सफाई के पुख्ता इंतजाम
-महंत नारायण गिरी महाराज ने प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने का किया अनुरोध, निगम ने शुरू की अतिरिक्त लाइटिंग
-गंगाजल के 6 टैंकर, 4 जनरेटर और विशेष सफाई टीम तैनात

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों की टीम के साथ दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में महंत श्री नारायण गिरी से मुलाकात कर पर्व को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी ली और परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का भी भ्रमण किया। नगर आयुक्त ने सर्वप्रथम भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया, इसके बाद अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और आसपास की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि महंत द्वारा प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का अनुरोध किया गया, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकाश विभाग को अस्थायी लाइटिंग और अतिरिक्त सजावटी रोशनी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

मंदिर परिसर के साथ-साथ बाहर की सड़कों और मार्गों को भी पूर्ण रूप से प्रकाशयुक्त किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गाजियाबाद नगर निगम द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल के साथ गंगाजल की भी व्यवस्था की गई है। गंगाजल के छह टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास सफाई मित्रों की अलग टीम तैनात की गई है। पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए गए हैं और पूजा सामग्री के निस्तारण के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान निगम के सभी विभागों की टीमें और अधिकारी 24 घंटे अलर्ट रहेंगे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बिजली आपूर्ति निर्बाध रहे, इसके लिए 125 केवी के दो तथा 62 केवी के दो जनरेटर उपलब्ध कराए गए हैं। निर्माण विभाग द्वारा बैरिकेडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही सीवर की टीम को भी 24 घंटे मौके पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मंदिर के पीछे की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष रूप से सफाई और बैरिकेडिंग की स्थिति का जायजा लिया।

संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे श्रद्धा और भक्ति के साथ-साथ स्वच्छता का भी ध्यान रखें और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। इस अवसर पर मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल के.पी. आनंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, प्रभारी प्रकाश आशु कुमार तथा सिटी जोन के जोनल प्रभारी आर.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।