-यूपी-112 परियोजना के तहत कमिश्नरेट पुलिस को मिला नया बेड़ा
-पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से एसीपी ट्रैफिक ने किया वाहनों का शुभारंभ
-रिस्पॉन्स टाइम घटेगा, विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनाती से बढ़ेगी तत्परता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। यूपी-112 परियोजना के अंतर्गत पांच नई चार पहिया पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स वाहन) इनोवा कारों को सोमवार सुबह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के शामिल होने से आपात स्थिति में पुलिस की पहुंच और अधिक तेज व प्रभावी होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश के पुलिस अधीक्षक लॉजिस्टिक द्वारा यूपी-112 परियोजना के द्वितीय चरण में ये वाहन आवंटित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन आधुनिक और सुसज्जित वाहनों से कॉलर और पीडि़तों तक कम समय में सहायता पहुंचाई जा सकेगी, जिससे पुलिस का प्रतिक्रिया समय और बेहतर होगा।
एसीपी ट्रैफिक रितेश त्रिपाठी ने प्रात: 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में इन पांचों पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक यूपी-112, उप निरीक्षक परिवहन शाखा-यूपी-112 तथा कार्यालय यूपी-112 के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नई व्यवस्था को जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। नए आवंटित वाहनों को थाना क्रासिंग रिपब्लिक, विजयनगर, साहिबाबाद और लिंक रोड थाना क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।
इन संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्रों में पीआरवी की तैनाती से आपातकालीन कॉल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। विशेष रूप से साहिबाबाद क्षेत्र में दो वाहनों की तैनाती की गई है, जिससे वहां की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। एसीपी ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस के बेड़े में शामिल हुए इन नए वाहनों से आपातकालीन सेवाएं अधिक सक्रिय, जनोन्मुखी और प्रभावी बनेंगी। पुलिस का उद्देश्य है कि किसी भी संकट की स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
















