-दूधेश्वरनाथ सहित कई प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों की हुई शुरुआत
-मोदी-योगी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा पर्यटन: जयवीर सिंह
-पर्यटन स्थलों के विकास से बढ़ेगी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को गाजियाबाद जनपद का भ्रमण कर पर्यटन विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ हर क्षेत्र को मिल रहा है। गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और महंत नारायण गिरी महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले आयोजकों ने मंत्री और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत व सम्मान किया।
मंत्री जयवीर सिंह ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें दूधेश्वरनाथ मंदिर के पर्यटन विकास कार्य पर लगभग 552.25 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया गया है। इसके अलावा मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम कुन्हैड़ा स्थित भगवान परशुराम मंदिर के विकास कार्य पर लगभग 92.50 लाख रुपये तथा मोदीनगर स्थित सीकरी महामाया मंदिर के विकास कार्य पर करीब 70.50 लाख रुपये की लागत आई है। इन तीनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 715.25 लाख रुपये बताई गई है। इन कार्यों से इन धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही मंत्री ने कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें साहिबाबाद के वार्ड 31 सिहानी में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के विकास कार्य पर लगभग 113.11 लाख रुपये की लागत प्रस्तावित है। वहीं मोदीनगर के निवाड़ी क्षेत्र में स्थित चुकाय वाली माता मंदिर के विकास के लिए लगभग 74.45 लाख रुपये और मुरादनगर के ग्राम असालत नगर में श्री हनुमान जी मंदिर के विकास के लिए लगभग 94.18 लाख रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 281.74 लाख रुपये है। इसके अलावा गाजियाबाद जनपद से कुछ अन्य पर्यटन विकास प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं। इनमें वार्ड एक कृष्णा नगर बागू विजय नगर स्थित जय भीम पार्क के पर्यटन विकास कार्य पर लगभग 149.63 लाख रुपये तथा मोदीनगर विकास खंड के ग्राम सुराना के पर्यटन विकास कार्य पर लगभग 80.68 लाख रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। इन प्रस्तावों के स्वीकृत होने के बाद इन क्षेत्रों में भी पर्यटन और स्थानीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की कल्पना पहले नहीं की जा सकती थी, आज वे धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण और काशी में विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश के अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का सुदृढ़ीकरण और विकास किया गया है, जिसके कारण यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। आज लाखों-करोड़ों की संख्या में देश-विदेश के पर्यटक उत्तर प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों का आनंद ले रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण होने से आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं और स्थानीय लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलता है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना है। इसके लिए धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गाजियाबाद भी पर्यटन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहचान बनाएगा।

















