प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शेख हसीना में वार्ता

चिल्हाटी-हल्दीबाड़ी रेल लिंक का भी लोकार्पण

नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच वीरवार को वर्चुअली तरीके से द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भाग लिया। इस दरम्यान चिल्हाटी-हल्दीबाड़ी रेल लिंक की शुरुआत की गई। पीएम मोदी और हसीना ने संयुक्त रूप से रेल लिंक का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना काल में बांग्लादेश उनकी प्राथमिकताओं में है। दोनों देश काफी समय से वर्चुअल माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हैं। विजय दिवस के बाद यह मुलाकात काफी अह्म है। पीएम मोदी ने कहा कि विजय दिवस के अवसर पर देशभर में मशाल ले जाई जाएगी। बांग्लादेश के साथ संबंधों में मजबूती और गहराई लाना प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भारत-बांग्लादेश का अच्छा सहयोग रहा है। वैक्सीन के काम में भी दोनों का सहयोग कायम रहेगा। दोनों देश कनेक्टविटी पर बल दे रहे हैं, जो हमारी दोस्ती को दिखाता है। भारत हमेशा बंग बंधु का सम्मान करता है। इस दरम्यान दोनों देशों ने कई एमओयू भी साइन किए। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कार्यक्रम में कहा कि दोनों देश विजय दिवस मना रहे हैं। बांग्लादेशी पीएम हसीना ने इस दरम्यान 1971 की जंग में शहीद भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जंग के समय उनके परिवार पर बीते मुश्किल समय को साझा किया। बांग्लादेशी पीएम हसीना ने कहा कि कोरोना काल में दोनों देश और करीब आए हैं। दोनों राष्ट्रों के नागरिकों के बीच में भी आपसी संबंध मजबूत हुए हैं। दोनों देशों ने इस साल में कनेक्टविटी के कई नए काम शुरू किए हैं। भारत ने कोरोना काल का सामना किया है। भारत आने वाले समय में दुनिया की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण रोल अदा करने वाला है। बता दें कि 1971 की भारत-पाक जंग के बाद बांग्लादेश नए देश के रूप में अस्तित्व में आया था।