वारदात : पूर्व विधायक के लापता बेटे की हत्या

पुलिस ने अज्ञात मानकर मोर्चरी पहुंचा दिया शव

पटना। बिहार में कानून व्यवस्था की हालत सुधर नहीं पाई है। अपराधियों पर शिकंजा कसने में पुलिस नाकाम है। बढ़ती वारदातों के क्रम में अब पूर्व विधायक के बेटे की हत्या कर दी गई है। विधायक के बेटे का शव मिलने से एकाएक सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच रही है। पुलिस के मुताबिक छपरा में पूर्व विधायक दिवंगत राम प्रवेश राय का बेटा प्रिंस कुमार बुधवार की रात अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बावजूद प्रिंस का कोई सुराग नहीं मिल पाया। वीरवार की सुबह प्रिंस का शव भरत मिलाप चौक के पास पुराने चिराई घर से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पहले अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मृतक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में की गई। वह पूर्व विधायक स्व. राम प्रवेश का छोटा बेटा था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को प्रिंस की हत्या के कारणों की कोई जानकारी नहीं मिली है। घटनास्थल की बारीकी से छानबीन कर कुछ साक्ष्य जुटाए गए हैं। यह साक्ष्य जांच में मदद करेंगे। प्रिंस का शव मिलने के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। उधर, बिहार में कानून व्यवस्था की हालत निरंतर बिगड़ रही हैं। विपक्ष द्वारा आलोचना की जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर गंभीरता दिखाई थी। उन्होंने जरूरी बिंदुओं पर शासन-प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए थे, मगर स्थिति में कोई सुधार आता दिखाई नहीं दे रहा है। पिछले विधान सभा चुनाव के दौरान भाजपा और जदयू गठबंधन ने महा-जंगलराज की बात कर सूबे की तत्कालीन राजद सरकार के कार्यकाल की आलोचना की थी। अब विपक्षी दलों का आरोप है कि नीतीश सरकार की अपराधियों पर लगाम लगाने में दिलचस्पी नहीं है।