-रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान का फैसला
-संयुक्त निरीक्षण कर चिन्हित होंगे गंदगी वाले स्थान, रोजाना होगी कार्रवाई
-शहर हित में मिलकर करेंगे काम, स्वच्छता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता: नगर आयुक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम और रेलवे विभाग ने मिलकर बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाने की विस्तृत योजना तैयार की। इस बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की, जिसमें रेलवे विभाग से वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक प्रेम शंकर झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर के उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया, जहां रेलवे ट्रैक के आसपास गंदगी की समस्या अधिक रहती है। निर्णय लिया गया कि रेलवे ट्रैक से गुजरने वाले मार्गों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही उन वार्डों में भी अभियान चलाया जाएगा, जहां रेलवे की भूमि आती है और जहां अक्सर सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम और रेलवे विभाग मिलकर संयुक्त निरीक्षण करेंगे और गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि इसे नियमित रूप से चलाया जाएगा ताकि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके। बैठक में यह भी तय किया गया कि नालों की सफाई से लेकर रेलवे ट्रैक के आसपास फैली गंदगी को हटाने तक सभी कार्य संयुक्त रूप से किए जाएंगे। इसके लिए दोनों विभागों की टीमें रोजाना नगर निगम सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी और तय योजना के अनुसार सफाई कार्य को अंजाम देंगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों का समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्य अभियंता निर्माण इस संयुक्त अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, ताकि कार्यों का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पुराने लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई, जो रेलवे और नगर निगम के आपसी समन्वय से निस्तारित किए जाएंगे। अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखते हुए यह सहमति जताई कि शहर हित में मिलकर कार्य करने से बेहतर परिणाम सामने आएंगे। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं रेलवे विभाग की ओर से सहायक मंडल अभियंता दीपक मीणा, वरिष्ठ खंड अभियंता रजनीश और अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। अधिशासी अभियंता विपुल कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेते हुए संयुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।

















