उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर के नागरिकों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हरौला क्षेत्र में एक नए वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया गया। यह वॉटर एटीएम जल विभाग के प्रयासों और एचडीएफसी द्वारा उपलब्ध कराए गए सीएसआर फंड के सहयोग से स्थापित किया गया है। ग्राम हरौला, सेक्टर-4/5 के पास बने इस एटीएम का उद्घाटन सांसद डॉ महेश शर्मा और विधायक पकंज सिंह ने किया।
इस वॉटर एटीएम के माध्यम से आम लोगों को स्वच्छ और शीतल पेयजल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी क्षमता 1200 लीटर प्रति घंटे है और इसमें पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। पानी में मौजूद हार्डनेस, फ्लोराइड, क्लोराइड और अन्य अशुद्धियों को हटाने के लिए इसमें आरओ सिस्टम लगाया गया है। साथ ही, पानी वितरण के लिए ऑटोमेटिक कार्ड ऑपरेटेड वॉटर वेंडिंग मशीन भी स्थापित की गई है।
जल विभाग के अनुसार यह वॉटर एटीएम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक संचालित रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि सीएसआर फंड के माध्यम से अब तक नोएडा में कुल 9 वॉटर एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है।
















