-मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के निर्देशन में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
-6 अप्रैल से 2 मई तक चलेगा प्रशिक्षण, पात्रता, आवेदन और लाभों की दी जाएगी पूरी जानकारी
-घर-घर जाकर योजना का प्रचार करेंगे लाइनमैन, स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर योजना को आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के निर्देशन में लाइनमैनों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि लाइनमैन आम जनता से प्रतिदिन सीधे संपर्क में रहते हैं, इसलिए उन्हें योजना का प्रमुख जनसंपर्क माध्यम बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यदि लाइनमैन योजना की जानकारी सही तरीके से लोगों तक पहुंचाएं, तो बड़ी संख्या में नागरिक इसका लाभ प्राप्त कर सकेंगे और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा सकेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 अप्रैल से 2 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। लगभग 20 से 25 दिनों की अवधि में जनपद के विभिन्न विद्युत डिवीजनों में कार्यरत लाइनमैनों को उनके संबंधित क्षेत्रों में ही प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी कर दी गई है, ताकि सभी कर्मियों की चरणबद्ध भागीदारी सुनिश्चित हो सके। प्रशिक्षण के दौरान लाइनमैनों को योजना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसमें योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आर्थिक लाभ, सौर संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया, अधिकृत विक्रेताओं से संबंधित जानकारी तथा उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित विभाग द्वारा विशेषज्ञों की सहायता से प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा, जिससे लाइनमैन तकनीकी और व्यवहारिक दोनों स्तरों पर सक्षम बन सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद लाइनमैन घर-घर जाकर नागरिकों को योजना के लाभों से अवगत कराएंगे।
इस पहल के माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च में कमी लाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। मुख्य विकास अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभिनव पहल से गाजियाबाद जनपद में पीएम सूर्य घर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है और सौर ऊर्जा अपनाकर न केवल ऊर्जा बचत संभव है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी मजबूत होगा। प्रशासन की यह पहल जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल का उदाहरण मानी जा रही है, जिसमें सरकारी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर सीधे नागरिकों के घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशिक्षित लाइनमैनों के माध्यम से योजना की जानकारी तेजी से फैलेगी और गाजियाबाद सौर ऊर्जा उपयोग में अग्रणी जनपदों में शामिल होगा।
















