जनता दर्शन बना जनता की उम्मीद: DM रविन्द्र कुमार माँदड़ ने खुद सुनी समस्याएं, अफसरों को दिया समाधान का अल्टीमेटम

-कलेक्ट्रेट में फरियादियों की लंबी कतार, विभागीय लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त
-लाइव निगरानी से बढ़ी जवाबदेही, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
-मौके पर राहत: दिव्यांग महिला को मिली मदद, रोजगार व आवास मामलों पर तुरंत कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से उनकी शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से जनता दर्शन की प्रक्रिया की लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से निगरानी की जा रही थी।

शासन स्तर से सीधे मॉनिटरिंग होने के कारण अधिकारियों की जवाबदेही और अधिक सुनिश्चित हुई। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें अनिवार्य रूप से सुनी जाएं और वे ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध रहें, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी सुविधा मिल सके। जनता दर्शन के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधे संपर्क स्थापित कर शिकायतों की जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग महिला दीनमनी शर्मा अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचीं। उन्होंने सुनने में कठिनाई तथा चलने-फिरने में असमर्थता की समस्या बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत दिव्यांग कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए महिला को तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। साथ ही अगले ही दिन मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके।

इसी प्रकार अंकुर विहार निवासी अरुण शर्मा ने आवास एवं रोजगार से जुड़ी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार उन्हें आवास उपलब्ध हो चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा। जनता दर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी भूमि अर्जन अवनीश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान की प्रक्रिया शुरू की।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जनता दर्शन कार्यक्रम से नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सीधे शिकायत सुनने और मौके पर समाधान देने की व्यवस्था से आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।