विधायक निधि से विकास को रफ्तार, कृष्णा नगर बागू और बौद्ध विहार में सड़क-नाली निर्माण शुरू

-15 लाख से अधिक की लागत से बदलेगी वार्डों की तस्वीर, जनता को मिली राहत
-लंबे इंतजार के बाद शुरू हुए आधारभूत विकास कार्य, बौद्ध विहार क्षेत्र में भी कई स्थानों पर निर्माण कार्यों का शुभारंभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। क्षेत्र के आधारभूत विकास को गति देते हुए वार्ड नंबर-1 कृष्णा नगर बागू में रविवार को विधायक निधि से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वर्षों से सड़क और जल निकासी की समस्या झेल रहे क्षेत्रवासियों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस परियोजना के अंतर्गत राजेश जी के मकान से संदीप के मकान तक तथा पंचायत घर तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। विधायक संजीव शर्मा के अनुसार इन विकास कार्यों की अनुमानित लागत लगभग 15.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। क्षेत्र में लंबे समय से खराब सड़कों और जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। निर्माण कार्य शुरू होने से अब लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में वार्ड नंबर-2 बौद्ध विहार क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। अगल देवी जी के मकान से कप्तान जी के मकान तक, शिवदयाल जी के मकान से जितेंद्र जी के मकान तक तथा नौ देवी जी के मकान से कप्तान जी के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के लिए लगभग 6.90 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त बौद्ध विहार क्षेत्र में राहुल जी के मकान से विनोद जी के मकान तक तथा कैलाश जी के मकान से सुरेश विजेंद्र जी के मकान तक भी विधायक निधि से विकास कार्य प्रारंभ कराए गए हैं। इन निर्माण कार्यों की अनुमानित लागत 7.13 लाख रुपये बताई गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

जनता से किया वादा विकास के रूप में पूरा होगा
उद्घाटन अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि जनता से किया गया हर वादा उनके लिए संकल्प के समान है और क्षेत्र के समग्र विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी दो से तीन वर्षों में सभी गलियों का निर्माण, नाली व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य पूर्ण कर क्षेत्र को नई पहचान दिलाई जाएगी। विधायक ने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। इसलिए प्राथमिकता के आधार पर उन इलाकों को चुना जा रहा है जहां नागरिक लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने बताया कि विधायक के नेतृत्व में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है।

क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल रहा है और क्षेत्र तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान क्रासिंग मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, सुभाष कश्यप, संदीप निषाद, बादल यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा पत्रकार जे नवीन, अंकित और अनु चौधरी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी, स्थानीय निवासी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। लोगों ने विकास कार्यों के शुभारंभ को क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे जीवन स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो सकेगा।