गाजियाबाद में जनता दर्शन बना भरोसे का दरबार, डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की सक्रिय कार्यशैली से समस्याओं का त्वरित समाधान

-कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान राजस्व, नगर निगम, जीडीए सहित कई विभागों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई
-सीएम कार्यालय से लाइव मॉनिटरिंग, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश
-लाभार्थियों ने जताया आभार, बढ़ती भीड़ से प्रशासन पर जनता के मजबूत होते विश्वास के संकेत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान को लेकर गाजियाबाद प्रशासन की पहल लगातार प्रभावी साबित हो रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया गया। जिलाधिकारी की सक्रिय एवं संवेदनशील कार्यशैली के कारण जनता का शासन-प्रशासन पर भरोसा लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। जनता दर्शन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से जनता दर्शन और जनसुनवाई की प्रक्रिया की लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इससे शिकायतों के निस्तारण की पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित हो रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब सभी जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनेंगे और जूम माध्यम से लाइव जुड़े रहेंगे, ताकि समस्याओं का तत्काल संज्ञान लिया जा सके।

जनता दर्शन के दौरान कई मामलों में जिलाधिकारी ने स्वयं हस्तक्षेप करते हुए मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित कर शिकायतों की जानकारी दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पहुंचे लाभार्थियों ने अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी का आभार प्रकट किया। कई नागरिकों ने कहा कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई किए जाने से उन्हें प्रशासन पर नया विश्वास मिला है। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दर्शन में जरूर आएं, जहां उनकी बात सुनी जाती है और समाधान भी मिलता है। लगातार बढ़ती प्रार्थियों की संख्या इस बात का संकेत दे रही है कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की कार्यशैली से जनता का भरोसा प्रशासन पर मजबूत हुआ है।

लोगों को यह विश्वास होने लगा है कि उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान संभव है। प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में यह पहल एक प्रभावी मॉडल के रूप में सामने आ रही है। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय तथा जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई। जिलाधिकारी ने अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बने। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आम नागरिक की समस्या समय पर हल होगी और उसे प्रशासन की संवेदनशीलता का अनुभव होगा।