भीषण गर्मी में इंसानियत की मिसाल, बच्चों को मिला शुद्ध ठंडे पानी का सहारा

-इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा ने अंडर प्रिविलेज्ड बच्चों के विद्यालय में लगवाया वाटर कूलर और फिल्टर
-साईं अक्षरधाम परिसर में अब बच्चों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
-समाज सेवा के इस कार्य को लोगों ने बताया मानवता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, वहीं सामाजिक संस्थाएं जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आकर मानवता की मिसाल पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 द्वारा समाज सेवा की एक प्रेरणादायक पहल करते हुए साईं अक्षरधाम, ग्रेटर नोएडा स्थित अंडर प्रिविलेज्ड बच्चों के विद्यालय में एक बड़ा वाटर कूलर और वाटर फिल्टर स्थापित कराया गया। इस पहल से अब विद्यालय में पढऩे वाले करीब 120 बच्चों को भीषण गर्मी में स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी, क्योंकि अब उन्हें गर्मी में शुद्ध पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। विद्यालय एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रिंसिपल सूर्यकला लक्ष्मी ने क्लब का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से वाटर कूलर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में इनर व्हील क्लब द्वारा किया गया यह सहयोग अत्यंत सराहनीय और राहत देने वाला है। उन्होंने बताया कि इस वाटर कूलर और फिल्टर का लाभ केवल विद्यालय के बच्चों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंदिर आने वाले श्रद्धालु, राहगीर, ऑटो चालक और मजदूर वर्ग के लोग भी इसका उपयोग कर सकेंगे। इससे आसपास के क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भीषण गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन दीपिका बाली ने कहा कि इस तपती गर्मी में लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी समाज सेवा है। दूषित पानी के कारण कई प्रकार की बीमारियां फैलती हैं और गर्मी में डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं भी तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इनर व्हील क्लब लगातार इसी भावना के साथ सामाजिक कार्य करता रहेगा।

इस सेवा कार्य में क्लब की सदस्य अदिति भारद्वाज, अंकिता सिंह, शैली गर्ग, डॉ. ईहा श्रीवास्तव, प्रतिभा सिसोदिया और अनीता सिंघला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस वाटर कूलर स्थापना में मुख्य योगदान उमा गोयल का रहा। उन्होंने अपने पुत्र के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस सेवा कार्य में विशेष सहयोग प्रदान किया। उनके इस योगदान की सभी लोगों ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में क्लब सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े सामाजिक कार्यों को इसी तरह आगे बढ़ाती रहेगी। इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा द्वारा किया गया यह सेवा कार्य न केवल बच्चों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानव सेवा के भाव का भी सुंदर उदाहरण बन गया है।