-अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, महिला सशक्तिकरण और समाजसेवा को बनाया प्राथमिक लक्ष्य
-डायलिसिस मरीजों की मदद से लेकर चिकित्सकों के सम्मान तक, एक दिन में शुरू हुईं दस जनसेवा परियोजनाएं
-पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पौधारोपण, कपड़े के बैग और ई-वेस्ट से बने गमलों का किया वितरण
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा (डिस्ट्रिक्ट 301) का अधिष्ठापन समारोह गुरुवार को गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया, जिसमें अंकिता सिंह ने क्लब की अध्यक्ष के रूप में शपथ लेकर नई जिम्मेदारी संभाली। समारोह में समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मृदुल तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि आईपीएस ब्रजेश सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग और क्लब की सदस्याएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। समारोह का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष अनिता सिंह द्वारा अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ हुआ। उन्होंने बीते वर्ष के दौरान क्लब द्वारा संचालित सेवा कार्यों, सामाजिक अभियानों, स्वास्थ्य शिविरों तथा महिला कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल औपचारिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है।
इसके बाद नव-निर्वाचित अध्यक्ष अंकिता सिंह ने पदभार ग्रहण करते हुए अपने संबोधन में आगामी वर्ष की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को समर्पित रहेगा। महिला सशक्तिकरण, बाल शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने क्लब की सभी सदस्याओं से एकजुट होकर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह का सबसे प्रेरणादायक पक्ष यह रहा कि पूर्व अध्यक्ष अनिता सिंह के नेतृत्व में एक ही दिन में दस जनसेवा परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग को प्रत्यक्ष सहायता उपलब्ध कराना है। क्लब ने दो डायलिसिस मरीजों के उपचार का पूरा प्रायोजन अपने जिम्मे लेते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति क्लब की सच्ची प्रतिबद्धता बताया।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर क्लब ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों के योगदान का भी सम्मान किया। जिम्स अस्पताल एवं जिला कारागार में सेवाएं दे रहे दस चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके समर्पण और सेवा भावना को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के ऐसे योद्धा हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी लोगों का जीवन बचाने के लिए निरंतर कार्य करते हैं। उनका सम्मान समाज के प्रति सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व दिया गया। प्लास्टिक मुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी अतिथियों और सदस्याओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए, ताकि एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का प्रयोग कम हो सके। इसके साथ ही ई-वेस्ट से तैयार आकर्षक गमलों में पौधे भेंट किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पुनर्चक्रण का संदेश भी समाज तक पहुंचे। उपस्थित सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्याओं ने सामूहिक रूप से पौधारोपण भी किया।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष अंकिता सिंह ने अपनी नई कार्यकारिणी का परिचय भी कराया। इसमें सचिव के रूप में डॉ. शैली, पूर्व अध्यक्ष (आईपीपी) अदिति, कोषाध्यक्ष अनिता सिंगला, आईएसओ प्रतिभा सिसोदिया तथा संपादक पूजा गर्गवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने क्लब की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने और समाज के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह के सांस्कृतिक सत्र ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। क्लब की सदस्याओं ने स्वर कोकिला आशा भोंसले के लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सधे हुए अंदाज में संचालन क्लब की सचिव डॉ. शैली ने किया। अंत में सभी अतिथियों ने क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि अंकिता सिंह के नेतृत्व में इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा समाजसेवा, महिला उत्थान, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का संदेश देता यह अधिष्ठापन समारोह उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया।
















