यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चला महावृक्षारोपण अभियान, 77 हजार से अधिक पौधे लगाए गए

-‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में संचालित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” रखी गई है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य को सफल बनाने के लिए यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं निर्देशन में उद्यान विभाग द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया एवं राजेश कुमार ने सेक्टर-22E की 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर बड़ा करना भी प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (परियोजना) राजेन्द्र सिंह भाटी, डॉ. आरती सिंह, सहायक निदेशक उद्यान सहित प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रोनीजा ग्राम के स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और वृक्षों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान प्रत्येक बच्चे को एक-एक पौधा प्रदान किया गया तथा उन्हें पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने लगाए गए पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और हरित धरोहर मिल सके।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आयोजित इस महाअभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर लगभग 77,007 पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण में मुख्य रूप से नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, पिलखन सहित अन्य देशी एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। इन प्रजातियों का चयन जैव विविधता के संरक्षण, भूजल संवर्धन, वायु शुद्धिकरण तथा क्षेत्र के हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, प्रदूषण कम करने, वर्षा चक्र को सुदृढ़ करने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा आगामी समय में भी विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। यमुना प्राधिकरण का यह महावृक्षारोपण अभियान न केवल प्रदेश सरकार के हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करता है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।