उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित प्रदेशव्यापी “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न सेक्टरों, सार्वजनिक स्थलों, हरित पट्टियों, पार्कों एवं संस्थागत परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान को गति प्रदान की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक नागरिक को प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ कर सकें।
कृष्णा करुणेश ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, वायु गुणवत्ता में सुधार लाने तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल शहरी विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों के संरक्षण, सिंचाई, निगरानी एवं रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रत्येक पौधा सुरक्षित रूप से विकसित हो सके।
अध्यक्ष दीपक कुमार ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नोएडा प्राधिकरण ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी मानें। प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो नोएडा को और अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है। प्रदेशव्यापी “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के अंतर्गत आयोजित यह वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता एवं सतत विकास की दिशा में नोएडा प्राधिकरण की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।

















