उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक विकास को नया विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) एयरपोर्ट से टप्पल तक के बीच स्थित करीब आठ हजार हेक्टेयर क्षेत्र को नए औद्योगिक एवं शहरी केंद्र के रूप में विकसित करेगा। इसके लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सलाहकार एजेंसी के चयन के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया गया है।
चयनित एजेंसी क्षेत्र का तकनीकी और आर्थिक अध्ययन करेगी। साथ ही भूमि उपयोग, सड़क नेटवर्क, जल निकासी, परिवहन, औद्योगिक विकास और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद प्राधिकरण चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य शुरू करेगा। यीडा अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित क्षेत्र फिलहाल फेज-1 और फेज-2 के बीच स्थित है। हालांकि यह अधिसूचित क्षेत्र है, लेकिन किसी भी स्वीकृत मास्टर प्लान में शामिल नहीं है। नए शहरी केंद्र के विकसित होने से दोनों चरणों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और नियोजित विकास सुनिश्चित होगा।
प्राधिकरण का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना शहरी केंद्र के बीच होने के कारण इस क्षेत्र में उद्योग, लॉजिस्टिक्स और व्यावसायिक गतिविधियों की बड़ी संभावनाएं हैं। इसी कारण इसे अनियोजित विकास और अतिक्रमण से बचाने के लिए समय रहते योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने का फैसला लिया गया है। योजना के तहत यहां लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउस, विनिर्माण इकाइयां, एमएसएमई क्लस्टर, व्यावसायिक क्षेत्र, श्रमिकों के लिए आवासीय सुविधाएं तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के निकट होने से यह क्षेत्र निवेशकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि चयनित सलाहकार एजेंसी तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट और मास्टर प्लान तैयार कर प्राधिकरण को सौंपेगी। इसके आधार पर क्षेत्र के समग्र विकास की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।















