डीडीसी चुनाव : गुपकर गठबंधन सबसे आगे

रूझानों में भाजपा दूसरे, कांग्रेस तीसरे नंबर पर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव की मतगणना जारी है। 280 में से 210 सीटों के रूझान सामने आ चुके हैं। रूझानों में गुपकार गठबंधन ने काफी बढ़त बना रखी है। भाजपा दूसरे नंबर पर चल रही है। गुपकार गठबंधन 84 और भाजपा 42 सीटों पर आगे है। इसके अलावा कांग्रेस 21 सीटों पर बढ़त बनाए है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। वहां कोविड-19 नियमों का पालन कराया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 हटने के बाद पहली बार जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव कराए गए हैं। यह चुनाव कुल 280 पर संपन्न कराए गए। डीडीसी चुनाव में गुपकार गठबंधन, भाजपा और कांग्रेस ने हिस्सा लिया है। डीडीसी चुनाव के नतीजे आने भी शुरू हो गए हैं। मंगलवार की सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू कराई गई। अब तक 280 में से 210 सीटों के रूझान आ चुके हैं। रूझानों में गुपकार गठबंधन को अच्छी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। रूझानों में गुपकार गठबंधन 84 और भाजपा 42 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने 21 सीटों पर बढ़त बना रखी है। श्रीनगर के खानमोह से भाजपा उम्मीदवार एजाज जीत गए हैं। पहली बार भाजपा ने श्रीनगर के खानमोह क्षेत्र से डीडीसी सीट जीती है। जीत मिलने के बाद एजाज ने कहा कि नागरिकों को काफी गलतफहमी थी, वह दूर हुई है। उन्होंने कहा कि आज इस क्षेत्र से लोकतंत्र की जीत हुई है। उधर, मतगणना में जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी 6 सीटों पर आगे है। वह 1 सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है। जम्मू-कश्मीर डीडीसी चुनाव में भाजपा-कांग्रेस और पीपुल्स एलायंस फॉर गुपकर डिक्लरेशन के बीच मुख्य मुकाबला है। उधर, भाजपा का कहना है कि कश्मीर घाटी में किसी को हराएं या ना हराएं कांग्रेस को जरूर हराएंगे। इन चुनाव में कश्मीर की मुख्यधारा से जुड़ी 7 राजनीतिक पार्टियों ने मिलकर गुपकार गठबंधन बनाया था।