बलूच लीडर करीमा का शव मिला, हत्या की आशंका

पाकिस्तान के अत्याचारों के खिलाफ हमेशा मुखर रहीं

टोरंटो। चर्चित बलूच लीडर करीमा बलूच की कनाडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार से लापता करीमा का शव मिलने से एकाएक हड़कंप मच गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। करीमा की हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। पाकिस्तान के अत्याचारों के खिलाफ करीमा बलोच हमेशा मुखर रहीं। इसके चलते वह हमेशा पाकिस्तानी हुक्मरानों की नजरों में अखरती रहीं। बलूच लीडर करीमा बलोच फिलहाल कनाडा में रह रही थीं। वह रविवार को अचानक लापता हो गई थीं। करीमा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। करीमा की मौत की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। कनाडाई शरणार्थी रहीं करीमा बलूच को 2016 में दुनिया की 100 सबसे प्रेरणादायक और प्रभावशाली महिलाओं में शामिल किया गया था। उन्हें अंतिम बार रविवार को दोपहर 3 बजे के आस-पास देखा गया था। उनके परिवार ने करीमा को खोजने के लिए पुलिस की मदद मांगी थी। परिवार ने करीमा बलोच का शव मिलने की तस्दीक की है। करीमा बलूच ने स्विट्जरलैंड में संयुक्त राष्ट्र के सत्र में बलूचिस्तान का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। मई 2019 में साक्षात्कार में उन्होंने पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों के छीनकर वहां के नागरिकों को प्रताडि़त कर रहा था। उधर, बलूचिस्तान की खबरों से दुनिया को बाखबर कराने वाले बलूचिस्तान पोस्ट ने करीमा बलूच की मौत पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर कहा कि उनका इस तरह से मृत मिलना कई गंभीर सवाल और चिंता प्रकट करता है। बता दें कि बलूचिस्तान में आए दिन नागरिक सड़क पर उतर कर पाकिस्तान के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहते हैं। बलूचिस्तान में पाकिस्तान सेना लंबे समय से नागरिकों की आवाज को दबाती आ रही है।