-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर सभी विभाग मैदान में, मेरठ रोड से यूपी गेट और ज्ञानी बॉर्डर तक युद्धस्तर पर तैयारियां
-सड़क मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट सुरक्षा, बैरिकेडिंग और स्वच्छता अभियान से श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित एवं सुगम मार्ग
-कांवड़ शिविरों और भंडारों में भी नहीं होगा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग, नगर निगम ने शुरू किया विशेष जनजागरूकता अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम के सभी विभाग कांवड़ यात्रा मार्गों को बेहतर बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सड़क सुधार, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेड़ों की छंटाई, बैरिकेडिंग और प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है, ताकि लाखों शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अभियान के रूप में कार्य शुरू हो चुका है। मेरठ रोड से लेकर ज्ञानी बॉर्डर तक तथा मोहन नगर, कौशांबी और यूपी गेट तक विभिन्न विभागों की टीमें लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दें। उद्यान विभाग द्वारा मार्ग के किनारे उगी अनावश्यक झाडिय़ों, पेड़ों की बढ़ी हुई शाखाओं और आवागमन में बाधा बनने वाली टहनियों की छंटाई की जा रही है, जिससे कांवड़ यात्रियों को निर्बाध आवागमन मिल सके।
वहीं निर्माण विभाग सड़कों पर बने छोटे-बड़े गड्ढों को भरने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने का कार्य तेजी से कर रहा है। प्रकाश विभाग भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चला रहा है। विद्युत पोलों पर सुरक्षा फ्लेक्स और इंसुलेटिव व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार के करंट की आशंका समाप्त हो सके। इसके साथ ही सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच और आवश्यक मरम्मत भी की जा रही है, जिससे रात्रि के समय कांवड़ यात्रियों को पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके। जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग भी कांवड़ मार्गों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हो सकें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इस वर्ष गाजियाबाद नगर निगम सीमा के अंतर्गत पूरी कांवड़ यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने का विशेष लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही हैं। कांवड़ मार्गों पर लगने वाले शिविरों, भंडारों और धार्मिक आयोजनों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की जा रही है। नगर निगम की ओर से आयोजकों और शिविर संचालकों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित कार्यों के अतिरिक्त विशेष अभियान चलाकर सभी विभागों को कांवड़ यात्रा की तैयारियों में लगाया गया है। निगम का उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है। मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि दुहाई से मेरठ रोड होते
हुए तुलसी निकेतन बॉर्डर, मोहन नगर से ज्ञानी बॉर्डर तथा मोहन नगर से इंदिरापुरम की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। नगर निगम का दावा है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित होगी। प्रशासन और नगर निगम का लक्ष्य है कि लाखों श्रद्धालुओं को निर्बाध, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल यात्रा उपलब्ध कराई जाए तथा गाजियाबाद स्वच्छ एवं व्यवस्थित कांवड़ व्यवस्था का उदाहरण बने।

नगर आयुक्त
कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है। नगर निगम का लक्ष्य है कि प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से नगर निगम के सभी विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेड़ों की छंटाई, बैरिकेडिंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है। इस वर्ष नगर निगम ने कांवड़ यात्रा को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त बनाने का विशेष अभियान शुरू किया है। सभी शिविर संचालकों, भंडारा आयोजकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बिल्कुल न करें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग दें। नगर निगम की टीमें लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त















