कांवड़ यात्रा में सेवा का नया मॉडल: अमित तिवारी की निगरानी में 48 पेट्रोल पंपों पर मिलेगी हर जरूरी सुविधा

-24 घंटे खुले रहेंगे शौचालय, पेयजल, हवा और स्वच्छता की होगी बेहतर व्यवस्था; श्रद्धालुओं को नहीं होगी असुविधा
-गाजियाबाद, मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों की टीमें रहेंगी सक्रिय, व्यवस्थाओं की होगी लगातार निगरानी
-आस्था के महापर्व में श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: अमित तिवारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। करोड़ों शिवभक्तों की आस्था से जुड़े कांवड़ महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न विभाग भी पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। उनकी पहल पर कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले 48 पेट्रोल पंप अब केवल ईंधन केंद्र नहीं, बल्कि शिवभक्तों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पेट्रोल पंपों पर शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे और वहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बिना किसी बाधा के आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का महापर्व है। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया है कि परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शुद्ध हवा (एयर सुविधा), साफ-सुथरे शौचालय और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हर समय बनी रहे। विशेष रूप से साफ-सफाई पर जोर देते हुए कहा गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए शौचालयों और परिसर की नियमित सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके। अमित तिवारी ने बताया कि व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए केवल निर्देश जारी करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसके लिए गाजियाबाद, मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी क्षेत्रों में क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि कहीं भी श्रद्धालुओं को सुविधा संबंधी कोई परेशानी न हो। यदि किसी स्थान पर लापरवाही या अव्यवस्था पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु लंबी दूरी तय करते हैं। ऐसे में उन्हें रास्ते में स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की कि वे इस धार्मिक आयोजन को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानें, बल्कि सेवा और सहयोग का अवसर समझते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ अपनी भूमिका निभाएं। कांवड़ यात्रा के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, अग्निशमन और पूर्ति विभाग सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इसी समन्वित व्यवस्था का हिस्सा बनते हुए पूर्ति विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रा मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु को आवश्यक सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। अमित तिवारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि गाजियाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को बेहतर व्यवस्थाएं मिलें और वह बिना किसी कठिनाई के अपनी यात्रा पूरी कर सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल व्यवस्थाएं बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे यात्रा काल में उनकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी। जिला पूर्ति विभाग की यह पहल प्रशासन की जनसेवा और संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण मानी जा रही है। कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पेट्रोल पंपों को सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय न केवल श्रद्धालुओं को राहत देगा, बल्कि जिले में बेहतर प्रबंधन और समन्वय की मिसाल भी प्रस्तुत करेगा। अमित तिवारी के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की यह सक्रिय भूमिका कांवड़ यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी
कांवड़ यात्रा के दौरान हमारी कोशिश है कि गाजियाबाद से गुजरने वाला प्रत्येक शिवभक्त यह महसूस करे कि प्रशासन उसकी सेवा और सुविधा के लिए पूरी तरह समर्पित है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे शौचालय, पेयजल, हवा, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दें। हमारी टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी और जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कराई जाएगी। कांवडिय़ों की सेवा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी भी है। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से हम गाजियाबाद को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त ट्रांजिट कॉरिडोर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
-अमित तिवारी
जिला पूर्ति अधिकारी