पांच लाख तिरंगों से सजेगा गाजियाबाद, 80 फीट के ध्वज के साथ निकलेगी भव्य तिरंगा रैली

-कांवड़ यात्रा के बाद नगर निगम ने हर घर तिरंगा अभियान की कमान संभाली, घर-घर पहुंचाए जा रहे राष्ट्रीय ध्वज
-सभी जोनों में जोनल प्रभारियों की तैनाती, पार्षदों के सहयोग से तेजी से हो रहा तिरंगा वितरण
-15 अगस्त को निगम परिसर से शुरू होगी तिरंगा रैली, नवयुग मार्केट तक दिखेगा देशभक्ति का जोश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा महोत्सव के सफल समापन के बाद अब नगर निगम ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भव्य बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर के हर घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम की ओर से करीब पांच लाख तिरंगा झंडों का वितरण कराया जा रहा है। इसके लिए सभी जोनों में जोनल प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है और अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए पार्षदों का भी सहयोग लिया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य है कि 15 अगस्त को पूरा गाजियाबाद तिरंगे के रंग में नजर आए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर के सभी जोनों में हर घर तिरंगा अभियान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा झंडों की उपलब्धता और वितरण की निगरानी कर रहे हैं। पार्षदों तक तिरंगे पहुंचाए जा रहे हैं और उनके माध्यम से इन्हें विभिन्न वार्डों के घरों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि अभियान के दौरान शहर का कोई भी क्षेत्र और कोई भी घर तिरंगे से अछूता न रहे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के सहयोग से अभियान को तेजी दी जा रही है। शहर के अधिकांश घरों तक तिरंगा पहुंचाया जा चुका है, जबकि शेष घरों तक भी झंडे पहुंचाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। ऐसे में हर घर तिरंगा अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम की ओर से करीब पांच लाख तिरंगा झंडों के वितरण की व्यवस्था की गई है। क्षेत्रवार वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वह जोनल प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों से तिरंगा वितरण की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं, ताकि समय से पहले सभी क्षेत्रों में झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा महोत्सव के दौरान जिस तरह निगम की टीमों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभाला, उसी समन्वय और उत्साह के साथ अब हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निगम कर्मचारी, पार्षद और अधिकारी मिलकर अभियान को शहर के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचाने में जुटे हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम की ओर से एक भव्य तिरंगा रैली भी निकाली जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 15 अगस्त को 80 फीट का राष्ट्रीय ध्वज लेकर रैली निकाली जाएगी। रैली का शुभारंभ नगर निगम परिसर से होगा। इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवयुग मार्केट सहित निर्धारित स्थानों तक पहुंचेगी। रैली में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल होंगे। रैली को भव्य बनाने के लिए निगम स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रैली के दौरान शहरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि स्वतंत्रता दिवस पर गाजियाबाद के हर हिस्से में तिरंगा दिखाई दे। उन्होंने पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से अभियान को सफल बनाने में पूरी सक्रियता के साथ सहयोग करने की अपील की। कांवड़ यात्रा महोत्सव के बाद अब नगर निगम का पूरा ध्यान हर घर तिरंगा अभियान पर केंद्रित है। पांच लाख तिरंगों के वितरण और 80 फीट के राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रस्तावित भव्य रैली के जरिए निगम शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाकर स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।