वाजपेयी का हिमाचल से गहरा नाता रहा : जयराम
नई दिल्ली। शिमला (हिमाचल प्रदेश) के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की गई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को इस प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। कार्यक्रम में सीएम ठाकुर ने कहा कि अटल जी का हिमाचल प्रदेश से गहरा नाता रहा है। देशभर में आज प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई। भाजपा ने वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सदैव अटल स्मारक पहुंच कर पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित अटल की प्रतिमा का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अनावरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का हिमाचल प्रदेश से गहरा नाता रहा है। मनाली के प्रीणी में अटल जी का घर भी है। वह अक्सर यहां आया करते थे। उन्होने वाजपेयी के कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। इस मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, कैबिनेट मंत्री सुरेश भारद्वाज और गोविंद सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे। रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, यशवंत सिंह परमार और मेजर सोमनाथ के बाद अब अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की गई है। पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की यह प्रतिमा रिज मैदान के ठीक सामने पदमदेव कॉम्प्लेक्स पर लगाई गई है। करीब 53 लाख रुपये खर्च कर 9 फुट ऊंची प्रतिमा लगाई गई है। पहले करीब साढ़े 6 फुट ऊंची प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया गया था, मगर रिज पर सबसे ऊंची प्रतिमा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की है। यह प्रतिमा 9 फुट ऊंची है। इस कारण सरकार ने इंदिरा की प्रतिमा के बराबर वाजपेयी की प्रतिमा भी 9 फुट ऊंची लगाने का फैसला लिया है।
















