पंजाब में किसानों का हंगामा, पुलिस से झड़प

भाजपा कार्यालय में तोड़-फोड़, पेट्रोल पंप घेरा

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में शुक्रवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया। सड़कों पर उतरे किसानों ने लुधियाना में रिलायंस के पेट्रोप पंप का घेराव करने के अलावा भटिंडा में भाजपा कार्यालय में घुसकर तोड़-फोड़ कर दी। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास का भी घेराव किया। इस बीच जगह-जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने जालंधर में लाठीचार्ज कर किसानों को खदेड़ दिया। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। दिल्ली में शुक्रवार को 30वें दिन भी किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस बीच पंजाब के विभिन्न हिस्सों में भी किसानों ने आक्रामक रूख अपना लिया। भटिंडा में भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों को पुलिस ने अवरोध लगाकर रोकने की कोशिश की। ऐसे में किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। किसान अवरोधक को तोड़ कर भाजपा कार्यालय में घुस गए और वहां जमकर तोड़-फोड़ की। जालंधर में किसानों ने पंजाब भाजपा के नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास का घेराव किया। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसानों को खदेड़ दिया। लुधियाना में रिलायंस के पेट्रोल पंप को किसानों ने घेर लिया। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को किसानों को नए कृषि कानूनों के लाभ बताए। दिल्ली के किशनगढ़ गांव में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जारी रहेगी। शाह ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं तब तक कोई कंपनी किसानों की जमीन नहीं छीन सकती है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था जारी रहेगी। मंडियां भी बंद नहीं होंगी। यदि किसान संगठन यह सोचते हैं कि नए कृषि कानूनों का कोई भी प्रावधान उनके हितों के खिलाफ है तो सरकार इस पर चर्चा करने और खुले मन से विचार करने को तैयार है।