मेरठ में आभूषण कारोबारी के घर डाका

नकदी और जेवरात लेकर बदमाश फरार

लखनऊ। मेरठ में शुक्रवार की देर रात बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने आभूषण विक्रेता के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर 11 लाख की डकैती को अंजाम दे डाला। नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर बदमाश फरार हो गए। शनिवार को तड़के 4 बजे बंधन मुक्त होने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की, मगर डकैतों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गई है। मेरठ के शास्त्री नगर एल ब्लॉक में शुक्रवार की देर रात एक बजे यह वारदात हुई। शास्त्री नगर एल ब्लॉक में आभूषण कारोबारी तेजपाल वर्मा सपरिपार रहते हैं। 6 बदमाश छत की मुमटी को तोड़कर वर्मा के घर के भीतर घुस गए। बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने तेजपाल की पत्नी शशि वर्मा और बेटे कपिल वर्मा को बंधक बनाया। आभूषण कारोबारी तेजपाल वर्मा का कहना है कि वारदात में 6 डकैत शामिल थे। सभी ने नकाब पहन रखे थे। बदमाशों ने कपिल को अलग कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने विरोध करने पर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट भी की। तेजपाल ने बताया कि बदमाश 550 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और नकदी ले गए। बदमाशों के जाने के बाद शनिवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी गई। आभूषण कारोबारी के मकान के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना आरंभ कर दी है। वारदात के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। शास्त्री नगर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आभूषण कारोबारियों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है।