असम : प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर पहुंचे अमित शाह

गृह मंत्री से मणिपुर को भी मिलेंगी ढेरों सौगात

गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार की सुबह असम के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद वह गुवाहाटी से मणिपुर रवाना होंगे। कामाख्या मंदिर पहुंचे अमित शाह के साथ असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा भी मौजूद रहे। गृह मंत्री शाह पूर्वोत्तर के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे का आज अंतिम दिन है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मणिपुर की राजधानी इम्फाल में शाह विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस दरम्यान वह सिविल सोसाइटी के नागरिकों से भी मिलेंगे। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि देश के गृह मंत्री के आगमन के दौरान किसी संगठन ने बहिष्कार या विद्रोह प्रदर्शन का आह्वान नहीं किया है। भारत के इतिहास में यह पहला अवसर है। उन्होंने मणिपुर में इनर लाइन परमिट सिस्टम लागू किए जाने हेतु भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री बीरेन ने कहा कि लगभग 30 लाख की आबादी का यह राज्य काफी खुश है। भारत सरकार का यह निर्णय मणिपुर के विकास में अह्म साबित होगा। 2022 चुनाव में भाजपा का भी विस्तार हो सकेगा। मणिपुर में आगमन के समय गृह मंत्री अमित शाह चूराचंद्रपुर मेडिकल कॉलेज, म्योंगखोंग में आईआईटी, इम्फाल में सरकारी अतिथि गृह, राज्य के पुलिस मुख्यालय और एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र का शिलान्यास करेंगे। शाह का मणिपुर दौरा कई मायनों में खास है। दरअसल मार्च 2022 में मणिपुर में चुनाव होने हैं। भाजपा इस राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना चाहती है। नॉर्थ ईस्ट में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए भाजपा ने प्रयास भी आरंभ कर दिए हैं। बता दें कि पूर्वाेत्तर के दौरे से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। शाह ने दावा किया है कि बंगाल में भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतकर आएगी।