केयर होम में कोरोना संक्रमण, 18 की मौत
ब्रूसेल्स। बेल्जियम में क्रिसमस पर्व पर केयर होम में सांता क्लॉज का आगमन खुशियों की बजाए मातम का कारण बन गया। गिफ्ट के साथ-साथ सांता क्लॉज वहां कोविड-19 (कोरोना वायरस) भी बांट गया। नतीजन केयर होम में 121 नागरिक और स्टाफ के 36 सदस्य कोरोना की चपेट में आए। इनमें से अब तक 18 नागरिकों की जान जा चुकी है। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक बेल्जियम के एंटवर्प के केयर होम में काफी संख्या में वृद्ध रहते हैं। वृद्धों को खुशियां देने और आत्मबल बढ़ाने के लिए सांता क्लॉज को बुलाया गया था। ऐसे में केयर होम के चिकित्सक को सांता क्लॉज बनने की जिम्मेदारी सौंपी गई। करीब 2 सप्ताह पहले वह चिकित्सक सांता क्लॉज के रूप में केयर होम में आया। केयर होम के कार्मिकों का कहना है कि आगमन के दौरान सांता खुद को स्वस्थ महसूस नहीं कर रहा था। इसके बावजूद सांता क्लॉज ने वृद्धों के साथ समय बिताया और आकर्षक गिफ्ट बांटे। उस समय तक सांता क्लॉज को खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी नहीं थी। बीमार पडऩे पर सांता क्लॉज ने अपना टेस्ट कराया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके बाद केयर होम में कोरोना संक्रमण फैलना शुरू हो गया। कोरोना के कारण अब तक 121 नागरिक और स्टाफ के 36 सदस्य संक्रमित हो चुके हैं। क्रिसमस से एक दिन पहले और क्रिसमस पर 5 नागरिकों की मौत हो गई। इसके बाद से केयर होम में 18 नागरिकों की जान जा चुकी है।इसके मद्देनजर प्रशासन ने सांता क्लाज को सुपरस्प्रेडर करार दिया है। मेयर विम कीयर्स ने कहा कि केयर होम के लिए अगले कुछ दिन मुश्किल भरे रहेंगे। उन्होंने माना कि वृद्धों को गिफ्ट बांटने के समय नियमों का पालन नहीं किया गया। इस शहर की जनसंख्या 35 हजार है। वहीं, बेल्जियम के प्रसिद्ध वैज्ञानिक का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि सांता के आने से इतने नागरिक कोरोना संक्रमित हो गए।















