दस घंटे में किशोर को पुलिस ने किया सकुशल बरामद

गाजियाबाद। ऑपरेशन खुशी के तहत जिले की पुलिस गुमशुदा बच्चों को तलाशने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर उनको लगातार खुशी दे रही है। इसी क्रम में सिहानी गेट पुलिस ने बिना बताए घर से चले गए 13 वर्षीय किशोर को कड़े प्रयास से सर्विलांस के माध्यम से करीब दस घंटे तलाशने के बाद सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इससे जहां परिजनों में खुशी की लहर है, वहीं उन्होंने पुलिस का शुक्रिया अदा किया है। सिहानी गेट कोतवाल कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को सेवा नगर में रहने वाले मोनू का 13 वर्षीय पुत्र वंश बिना बताए घर से चला गया था। इसका पता परिजनों को चलाता था तो उसे हर संभव जगह तलाश किया गया था, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका था।इसके बाद परिजनों द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए वंश की बरामदगी की गुहार लगाई गई थी। जिसके बाद किशोर की तलाश में पुलिस टीम का गठन किया गया और टीम ने कड़े प्रयास के बाद सर्विलांस के माध्यम से 10 घंटे के भीतर किशोर को सकुशल बरामद करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि परिजनों की किसी बात से गुस्सा होकर किशोर घर से निकल गया था। जिसको पुलिस ने खोज निकाला।