विधान परिषद के उपाध्यक्ष ने खुदकुशी की

कर्नाटक में सनसनी, एकाएक सियासत गर्म

बेंगलुरु। कर्नाटक विधान परिषद के उपाध्यक्ष एस.एल. धर्मेगौड़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। धर्मेगौड़ा का शव आज सुबह रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक कर्नाटक के चिक्कामगलुरु के कदू के पास मंगलवार की सुबह एस.एल. धर्मेगौड़ा रेलवे ट्रैक पर मृत पाए गए। पुलिस ने शव को शिमोगा के सरकारी अस्पताल भेजा है। आईजीपी वेस्ट का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच हो रही है। पुलिस ने सुसाइड नोट के विषय में ज्यादा जानकारी देने से फिलहाल इंकार कर दिया है। धर्मेगौड़ा के सुसाइड पर जद (एस) नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि यह एक राजनीतिक हत्या है। धर्मेगौड़ा की मौत का जिम्मेदार कौन है, इस बारे में जल्द से जल्द सच्चाई सामने आनी चाहिए। जेडीएस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा कि राज्य विधान परिषद के उप-सभापति और जेडीएस नेता एसएल धर्मेगौड़ा की खुदकुशी की खबरें चौंकाने वाली है। वह एक शांत और सभ्य नागरिक थे। यह राज्य का नुकसान है। मालूम हो कि 2 सप्ताह पहले कर्नाटक विधान परिषद में उपाध्यक्ष धर्मेगौड़ा को एमएलसी जबरन उठाकर सदन से बाहर ले गए और दरवाजा बंद कर दिया था। भाजपा के एमएलसी लेहर सिंह सिरोया ने इस घटना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ एमएलसी ने विधान परिषद के उपाध्यक्ष को जबरन कुर्सी से हटाकर गुंडों की तरह व्यवहार किया और उनके साथ दुव्र्यवहार किया। हमने अपने परिषद के इतिहास में ऐसा शर्मनाक दिन कभी नहीं देखा। उधर, पुलिस का कहना है कि एस.एल. धर्मेगौड़ा की मौत की जांच की जा रही है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना शुरू की गई है। जांच का नतीजा जल्द सामने आएगा।