कोरोना के दौैर में भारत की यह जीत ऐतिहासिक: डॉ. पीएन अरोड़ा
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार को भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली। इसके साथ ही 4 मैच की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। अब 7 जनवरी को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि यह जीत लंबे समय से कोरोना महामारी के चलते मैदान और प्रैक्टिस से दूर रहे सभी खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाएगी। भारत के मुख्य बल्लेबाज और कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना मिली इस जीत से सभी खिलाड़ी उत्साहित हैं। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को फोन कर जीत की बधाई दी।
साथ ही सभी खिलाडिय़ों को एक सीख मिली है कि समय कितना भी बुरा क्यों न हो, लेकिन उस बुरे वक्त में भी अच्छा हो सकता है। ये जीत कोरोना महामारी के दौर में कुछ अच्छा लेकर आई है। इससे खिलाडिय़ों को नई ऊर्जा मिलेगी। भारत की यह जीत ऐतिहासिक है और आने वाले लम्बे समय तक याद रखी जायेगी। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि भारतीय टीम ने मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को 195 रन पर समेटा। इसके बाद उसने 326 रन बनाकर 131 रन की बढ़त ले ली। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में 200 रन ही बना सकी। इस तरह भारत को जीत के लिए 70 रन का लक्ष्य मिला। भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के चौथे दिन यानी, मंगलवार का खेल जब शुरू हुआ तो भारतीय टीम जीत के करीब खड़ी थी। ऑस्ट्रेलिया मैच के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 133 रन पर 6 विकेट गंवा चुका था। सोमवार को नाबाद रहने वाले कैमरून ग्रीन और पैट कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया की पारी आगे बढ़ाई। इन दोनों ने स्कोर 156 रन तक पहुंचाया। इस स्कोर पर कमिंस आउट (22) हुए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने आउट किया। इसके थोड़ी देर बाद कैमरून ग्रीन (45), नाथन लॉयन (3) और जोश हेजलवुड (10) भी आउट हो गए। मिचेल स्टार्क 14 रन बनाकर नाबाद रहे। डेब्यू टेस्ट मैच खेल रहे मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में सबसे अधिक 3 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए. उमेश यादव के नाम एक विकेट रहा। उमेश ने मैच में सिर्फ 3.3 ओवर गेंदबाजी की। इसके बाद वे चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए। दोनों पारियों को मिलाकर जसप्रीत बुमराह ने 6 विकेट झटके। रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद सिराज ने 5-5 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने 3 और उमेश यादव ने एक विकेट लिया।















